रीवा जिले के जनपद पंचायत रीवा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खजुहा कला, नैकिन और बिहरिया में करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार का मामला एक बार फिर गरमा गया है।


रीवा जिले के जनपद पंचायत रीवा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खजुहा कला, नैकिन और बिहरिया में करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार का मामला एक बार फिर गरमा गया है। रीवा के नवागत कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के पदभार ग्रहण करने के बाद क्षेत्र के शिकायतकर्ताओं और ग्रामीणों में न्याय की नई उम्मीद जगी है।
वर्तमान सरपंचों ने ही खोला मोर्चा
हैरानी की बात यह है कि इस भ्रष्टाचार के विरुद्ध किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि वर्तमान सरपंचों ने ही मोर्चा खोल रखा है। वर्तमान सरपंचों का आरोप है कि उनके पूर्ववर्ती सरपंचों और सचिवों के कार्यकाल में जमकर धांधली की गई है। इस संबंध में शिकायतकर्ताओं ने रीवा से लेकर भोपाल स्थित वल्लभ भवन तक के चक्कर काटे हैं, लेकिन प्रशासन के अब तक के ढुलमुल रवैये के कारण धरातल पर कोई ठोस जांच टीम नहीं पहुँच सकी।
फाइलों को दबाने का आरोप
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने 5 करोड़ रुपये से अधिक के भ्रष्टाचार के पुख्ता प्रमाणों के साथ अपनी शिकायतें दर्ज कराई थीं। आरोप है कि भोपाल के वल्लभ भवन में की गई शिकायतों के आवेदन को जिला पंचायत कार्यालय में कथित तौर पर दबा दिया गया, जिससे यह प्रतीत होता है कि भ्रष्टाचार को प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त था। प्रशासन की इसी उदासीनता के कारण आज तक कार्यवाही शून्य रही है।
नवागत कलेक्टर से बड़ी उम्मीदें
शिकायतकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में नवागत कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान भ्रष्टाचार से संबंधित सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज और विस्तृत फाइलें उन्हें सौंपी गईं। कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विकास कार्य ठप, जनता परेशान
पंचायतों में चल रही इस खींचतान और जांच के अभाव में निर्माण कार्यों पर ब्रेक लग गया है।विकास कार्य रुकने के कारण ग्राम पंचायत की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब क्षेत्र की नजरें नवागत कलेक्टर पर टिकी हैं कि क्या वे इस 5 करोड़ के भ्रष्टाचार के मामले में कड़ी कार्रवाई कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजेंगे और पंचायतों में विकास की राह फिर से खोलेंगे।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।