बदायूं स्थित HPCL प्लांट में हुए चर्चित गोलीकांड में मारे गए डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा के परिजनों से मिलने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री एवं सांसद जितिन प्रसाद पूरनपुर स्थित उनके आवास पहुंचे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल देखने को मिला।
मंत्री जितिन प्रसाद ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली और कहा कि यह न केवल बेहद दुखद, बल्कि एक जघन्य अपराध है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर स्थानीय विधायक बाबूराम पासवान भी मौजूद रहे। उन्होंने पीड़ित परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मृतक के पिता और भाई को शस्त्र लाइसेंस उपलब्ध कराया, जिससे परिवार को कुछ हद तक सुरक्षा का भरोसा मिल सके।
मंत्री जितिन प्रसाद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस निर्मम हत्या के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच कराई जाएगी तथा दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रशासन भी मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार निगरानी बनाए हुए है।
राजकुमार वर्मा
अबतक न्याय पीलीभीत
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: