तहसील क्षेत्र अमरिया के
ग्राम अंडरायन में चल रही अंडरायन प्रीमियर लीग (एपीएल) बुधवार को रोमांच के चरम पर पहुंच गई, जब लीग का पांचवां मुकाबला जहानाबाद और अंडरायन के बीच सुपर ओवर तक जा पहुंचा। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में सांसें थाम देने वाले इस मुकाबले में अंततः जहानाबाद ने सुपर ओवर में जीत दर्ज कर ली।
मैच का शुभारंभ माधोपुर के डॉ. विनय गंगवार एवं ग्राम प्रधान अंडरायन रोशनलाल द्वारा फीता काटकर किया गया। टॉस जीतकर जहानाबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सधी हुई शुरुआत की। ओपनरों ने चार ओवर में बिना विकेट गंवाए 30 रन जोड़े। यशवंत ने दुर्वेश को आउट कर अंडरायन को पहली सफलता दिलाई। जहानाबाद की ओर से उमेश (14), पवनेश (16) और राजेंद्र की उपयोगी 24 रनों की पारी की बदौलत टीम ने 12 ओवर में 83 रन का लक्ष्य खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंडरायन की शुरुआत तेज रही। जिलानी ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ा, लेकिन रोहित ने अगली गेंद पर उन्हें बोल्ड कर दिया। संजीव भी जल्द आउट हो गए। इसके बाद धीरज और विकास के बीच तीसरे विकेट के लिए 40 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिससे अंडरायन मजबूत स्थिति में नजर आने लगा। इसी दौरान रोहित ने धीरज को आउट कर मैच का पासा पलट दिया। धीरज ने दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाए। इसके बाद विकेटों का पतन जारी रहा और अंडरायन 12 ओवर में 8 विकेट पर 83 रन बनाकर मैच को ड्रॉ कराने में सफल रहा।
सुपर ओवर में अंडरायन की टीम 9 रन ही बना सकी। जवाब में जहानाबाद के राजेंद्र और उमेश ने अंकित की तीसरी ही गेंद पर लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए जहानाबाद के रोहित को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने नियमित मैच और सुपर ओवर दोनों में निर्णायक भूमिका निभाई।
वहीं दोपहर में खेले गए दूसरे मुकाबले में नूरपुर और पिंजरा बमनपुरी की टीमें आमने-सामने थीं।इस मैच का उद्घाटन ग्राम अंडरायन के शिक्षक नंद किशोर द्वारा किया गया। टॉस जीतकर पिंजरा बमनपुरी के कप्तान जुबेर ने पहले फील्डिंग चुनी।
नूरपुर के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए चार ओवर में 35 रन जोड़े और 12 ओवर में 8 विकेट पर 98 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिंजरा बमनपुरी की टीम दबाव में बिखर गई और 60 रन पर ऑलआउट हो गई।
नूरपुर के सानू को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्होंने बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट झटके।
अंडरायन प्रीमियर लीग में रोज़ाना बढ़ता रोमांच दर्शकों के उत्साह को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है और टूर्नामेंट अब निर्णायक दौर की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: