प्रतीकात्मक रूप से गले में फंदा डालकर तहसील पहुंचे किसान


 

 

प्रतीकात्मक रूप से गले में फंदा डालकर तहसील पहुंचे किसान
लगाया चकबंदी विभाग पर भ्रष्टाचार का आरोप, एसडीएम ने मंगलवार तक शिकायतों का समाधान कराने का दिया आश्वासन
गुन्नौर(संभल)। ईसमपुर डांडा गांव के किसान शनिवार को गले में प्रतीकात्मक रूप से रस्सी का फंदा डालकर तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंच गए। किसानों को इस हाल में देखकर वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया। किसानों ने चकबंदी विभाग पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और सुनवाई नहीं होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी। एसडीएम ने किसानों की समस्या सुनकर मंगलवार को हर हाल में समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गांव ईसमपुर डांडा में इन दिनों चकबंदी चल रही है। ऐसे में आए दिन कोई न कोई किसान चकबंदी विभाग की मनमानी की शिकायत लेकर तहसील पहुंच ही जाता है। शनिवार को ईसमपुर गांव के ही ओमकार सिंह, अवधेश कुमार, देवकीनंदन, महेंद्र कुमार, जयवीर सिंह और महेश कुमार एसडीएम रामकेश धामा की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में पहुंच गए। इन किसानों के गले में रस्सी बंधी थी। किसानों ने एसडीएम के समक्ष पेश होकर चकबंदी विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। किसानों ने कहा कि नक्शे के अनुरूप चकबंदी नहीं की जा रही है। रुपये लेकर मन मुताबिक चक दिए जा रहे हैं। शिकायत के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है। परेशान किसानों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी।
एसडीएम रामकेश धामा ने मौके पर चकबंदी विभाग की टीम को बुलाया। इस दौरान चकबंदी विभाग ने भी किसानों पर आरोप लगाए। शिकायत का संज्ञान लेकर एसडीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि मंगलवार तक हर हाल में समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
ईसमपुर डांडा के कुछ किसान आए थे, उनका कहना है कि नक्शे के आधार पर उनको चक नहीं दिए जा रहे हैं। इसके अलावा भी उनकी कई समस्याएं हैं। मंगलवार को चकबंदी विभाग और तहसील की टीम गांव पहुंचकर हर हाल में समस्या का समाधान कराएगी।
-रामकेश धामा, एसडीएम, गुन्नौर

 

 

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।