पत्नी फोन पर बात करती थी। पति को रास नहीं आया तो उसने पत्नी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही महिला के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। शनिवार को सुबह करीब 10 बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव चितौरा निवासी मेसर (30) की उसके पति उस्मान ने नल पाइप से सिर पर कई वार कर हत्या कर दी। मेसर की बड़ी बहन इबराना ने पुलिस को बताया कि आरोपी बहन से फोन पर बात करने से मना करता था लेकिन बहन उसकी बात नहीं मानती थी। इसी बात को लेकर अक्सर पति-पत्नी में झगड़ा होता था। शनिवार को आरोपी ने उसकी बहन की हत्या कर दी। आरोपी बाहर रहकर बार्बर का कार्य करता है। बहजोई कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज लवानियां ने बताया कि मृतका के बच्चों से जानकारी ली गई, तो बच्चों ने बताया कि उनकी मां नानी के घर गई हुई थी। महिला और आरोपी आज ही घर आए थे। सुबह दोनों में झगड़ा हुआ। बाद में बच्चों को घर से बाहर खड़ा कर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। महिला के भाई संजय पुत्र छोटे निवासी गांव अलीनगर थाना सोनकपुर जिला मुरादाबाद की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी पति उस्मान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
छोटे बच्चों के पालन-पोषण का रहेगा संकट
मेसर के छोटे-छोटे तीन बच्चे बड़ी 9 वर्षीय बेटी सोनम, उससे छोटा 7 वर्षीय बेटा सुबहान व सबसे छोटा 5 वर्षीय बेटा सैफ अली है। अब इन छोटे-छोटे बच्चों के पालन-पोषण पर संकट रहेगा। घटना के बाद से बच्चे घर में गुमसुम से बैठे थे। कभी बच्चे रोने लगते तो कभी किसी के कुछ पूछने पर जानकारी देने लगते। मासूम बच्चों की यह दशा देखकर हर किसी का हृदय रो रहा था।
बेटी बोली, मम्मी व पापा के न होने पर वह भाइयों के साथ रही अकेली
9 वर्षीय बेटी सोनम का कहना था कि मम्मी कई दिनों से घर पर नहीं थीं। पापा भी घर से बाहर थे। इन दिनों वह अपने छोटे भाइयों सुबहान व सैफ अली के साथ घर पर अकेली रही थी। खाना भी अपने लिए व भाइयों के लिए वह खुद बनाती थी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: