देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आज 109वीं जयंती है. उनकी जयंती पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दी. सोनिया ने इंदिरा गांधी से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया, जब उन्हें पहली बार इंदिरा से मिलना था और उन्होंने इनकार कर दिया था.
सोनिया गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘जब मुझे पहली बार इंदिरा गांधी से मिलना था, तो मैंने जाने से मना कर दिया था. लेकिन अगले दिन मैंने अपना इरादा बदल लिया. मैं बहुत घबराई हुई थी और मेरी अंग्रेजी भी कमजोर थी. इसलिए उन्होंने मुझसे फ़्रेंच में बात की.’
सोनिया ने कहा- हम सभी के अंदर उनका अंश मौजूद
सोनिया ने आगे लिखा, ‘उनके बारे में मैंने सबसे पहली बात यही सीखी कि वे समझ जाती थीं कि आप किस चीज को लेकर परेशान हैं और चुपचाप उसे आसान बना देती थीं.’
गांधी ने कहा कि दुनिया उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में जानती थी, लेकिन हमारे लिए वे ‘दादी’ थीं – एक बहुत ही प्यारी और सौम्य इंसान, जो कहानियों और समझदारी से भरी थीं, और जिनका सेंस ऑफ़ ह्यूमर कमाल का था. हम सभी के अंदर उनका कुछ न कुछ अंश आज भी मौजूद है, भले ही हमें इसका पता हो या न हो. हम आज भी उन्हें बहुत याद करते हैं.
राहुल गांधी ने किया याद
सोनिया गांधी के अलावा राहुल गांधी ने भी इंदिरा को याद किया. राहुल ने कहा कि इंदिरा गांधी झलक उनके परिवार की महिलाओं में आज भी मिलती है।
राहुल ने पोस्ट कर लिखा, ‘दादी बहुत प्रभावशाली थीं: निडर, मजबूत और प्यार से भरी हुईं. उनकी यह ताक़त मेरे परिवार की महिलाओं में आज भी झलकती है—हर एक अपने आप में अनोखी और बेहतरीन है. उनका प्यार और अपनापन हमें एक साथ जोड़े रखता है, और वे मुझे हर दिन प्रेरित करती हैं. जन्मदिन मुबारक हो, दादी. आपको उन पर बहुत गर्व होता.’
प्रियंका ने बताया शेरनी
प्रियंका गांधी ने भी इंदिरा गांधी की जयंती पर एक भावुक पोस्ट किया. प्रियंका ने इंदिरा के साथ अपने बचपन की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो, शेरनी! आपके जैसी दूसरी कोई कभी नहीं होगी.’
इंदिरा गांधी की जयंती पर गुरुवार की सुबह सोनिया गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शक्ति स्थल पहुंचे. सोनिया और खरगे ने इंदिरा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: