भारत में बच्चों के बीच नशे की समस्या गंभीर होती जा रही है. सर्वे में 1.2 करोड़ बच्चे नशे से जुड़ी समस्या से प्रभावित पाए गए. स्टडी में नशे की शुरुआत की औसत उम्र 12.9 साल सामने आई
बच्चों को देश का भविष्य कहा जाता है, लेकिन इसी भविष्य को नशे की लत अपनी गिरफ्त में ले रही है. चिंता की बात यह है कि नशे की शुरुआत बड़े होने के बाद नहीं, बल्कि काफी कम उम्र से ही शुरू हो रही है. इस मामले से जुड़े रिपोर्ट की बात करें, तो देश के पहले राष्ट्रीय सर्वे में करीब 1.2 करोड़ बच्चे नशे से जुड़ी समस्या यानी सब्सटेंस यूज डिसऑर्डर से प्रभावित पाए गए थे. यह आंकड़ा बताता है कि बच्चों में नशे की समस्या कितनी गंभीर है.
केंद्र सरकार की ओर से नवंबर 2026 को जारी किए गए डेटा के मुताबिक, साल 2018 में हुए देश के पहले राष्ट्रीय सर्वे में करीब 1.2 करोड़ बच्चे नशे से जुड़ी समस्या से प्रभावित पाए गए थे. सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के मुताबिक, AIIMS दिल्ली के नेशनल ड्रग डिपेंडेंस ट्रीटमेंट सेंटर (NDDTC) ने साल 2018 में भारत में नशीले पदार्थों के इस्तेमाल को लेकर पहला राष्ट्रीय सर्वे किया था. इसकी रिपोर्ट फरवरी 2019 में जारी हुई थी.
10 शहरों के 5,920 बच्चों पर हुआ सर्वे
वहीं, एक दूसरे रिपोर्ट में साल 2025 में द नेशनल मेडिकल जर्नल ऑफ इंडिया में पब्लिश इस स्टडी के बारे में बताया गया. जिसमें 10 शहरों के 5,920 स्कूली छात्रों को शामिल किया गया था. इनमें 8वीं, 9वीं और 11वीं-12वीं के स्टूडेंट्स शामिल थे. स्टडी में पता चला कि 15.1 फीसदी छात्रों ने में कभी न कभी किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया था, जबकि 7.2 फीसदी ने सर्वे से पहले के 30 दिनों में इसका सेवन किया था. तंबाकू, शराब, गांजा और दूसरे नशीले पदार्थों का इस्तेमाल करने वाले बच्चों के आंकड़े भी सामने आए.
नशे के लिए बच्चों को घर से मिला माहौल
पहले राष्ट्रीय सर्वे में देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 186 जिलों के करीब 2 लाख परिवारों को शामिल किया गया था. इसमें 10 से 75 साल की उम्र के 4.73 लाख से ज्यादा लोगों से जानकारी जुटाई गई थी. वहीं, स्कूलों में पढ़ने वाले किशोरों पर किए गए एक अलग राष्ट्रीय अध्ययन में सामने आया कि करीब 40 फीसदी बच्चों के परिवार में कोई न कोई सदस्य तंबाकू या शराब का इस्तेमाल करता है. यानी बच्चों के आसपास का माहौल भी नशे के संपर्क में आने का एक जोखिम हो सकता है. सबसे कम उम्र में नशे की शुरुआत का औसत 12.9 साल पाया गया.
सर्वे के जो आंकड़े सामने आए:
1.2 करोड़ बच्चे: 2018 के राष्ट्रीय सर्वे में इतने बच्चे सब्सटेंस यूज डिसऑर्डर से प्रभावित पाए गए.
15.1 फीसदी छात्र: 10 शहरों के स्कूल सर्वे में इतने छात्रों ने जीवन में कभी न कभी नशे का इस्तेमाल किया.
7.2 फीसदी छात्र: सर्वे से पहले के 30 दिनों में किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल कर चुके थे.
40 फीसदी परिवार: इतने छात्रों ने बताया कि उनके परिवार में कोई सदस्य तंबाकू या शराब का इस्तेमाल करता है.
12.9 साल उम्र: बच्चों में किसी नशीले पदार्थ के इस्तेमाल की औसत शुरुआत की उम्र इतनी पाई गई.
औसतन 14 साल के बच्चों पर किया सर्वे
स्टडी को AIIMS के नेशनल ड्रग डिपेंडेंस ट्रीटमेंट सेंटर (NDDTC) समेत कई संस्थानों के रिसर्चर्स ने किया था. इसमें देश के 10 शहरों बेंगलुरु, चंडीगढ़, दिल्ली, डिब्रूगढ़, हैदराबाद, इंफाल, जम्मू, लखनऊ, मुंबई और रांची को शामिल किया गया था. इस सर्वे में कुल 5,920 स्कूली छात्रों ने हिस्सा लिया था, जिनकी औसत उम्र 14.7 साल थी, इनमें 52.4 फीसदी लड़के थे. स्टडी में सरकारी, प्राइवेट और ग्रामीण स्कूलों के स्टूडेंट्स को शामिल किया गया था. इसके लिए मई 2018 से जून 2019 के बीच आंकड़े जुटाए गए थे.
सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले पदार्थ
अध्ययन में सामने आया कि बच्चों में नशे के लिए तंबाकू और शराब का इस्तेमाल सबसे ज्यादा दर्ज किया गया. सर्वे से पहले के 12 महीनों में 4 फीसदी छात्रों ने तंबाकू और 3.8 फीसदी ने शराब का सेवन किया था. ओपिओइड में कुछ दर्द कम करने वाली दवाएं भी शामिल होती हैं, जिनका बिना डॉक्टर की सलाह या गलत तरीके से इस्तेमाल नशे के रूप में किया जा सकता है. वहीं, इनहेलेंट्स में कुछ गोंद, सॉल्वेंट और दूसरे रसायनों को सूंघने जैसी गतिविधियां शामिल हैं. सर्वे से पहले के 30 दिनों में 3.3 फीसदी छात्रों ने तंबाकू और 2 फीसदी ने शराब का इस्तेमाल किया था.
नशीला पदार्थ
इस्तेमाल
तंबाकू
4%
शराब
3.8%
ओपिओइड
2.8%
गांजा/कैनबिस
2%
इनहेलेंट्स
1.9%
नींद की दवाएं (सेडेटिव)
0.6%
घर में नशे का माहौल भी बच्चों के लिए खतरा
इस स्टडी का एक अहम पहलू परिवार से जुड़ा है. करीब 40 फीसदी छात्रों ने बताया कि उनके परिवार में कोई सदस्य तंबाकू का इस्तेमाल करता है. इतनी ही संख्या में छात्रों ने परिवार के किसी सदस्य के शराब पीने की जानकारी दी. इसके अलावा 8.2 फीसदी छात्रों ने परिवार के किसी सदस्य के गांजा या कैनबिस के इस्तेमाल की बात कही. वहीं, 3.9 फीसदी छात्रों ने परिवार में किसी सदस्य के ओपिओइड इस्तेमाल की जानकारी दी.
नशे की वजह से मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर
सर्वे में लड़कों के बीच नशीले पदार्थों का इस्तेमाल लड़कियों के मुकाबले ज्यादा पाया गया. साथ ही, ऊंची कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्रों में नशे का इस्तेमाल करने की संभावना भी ज्यादा थी. स्टडी में एक और चिंताजनक बात सामने आई. जिन बच्चों ने पिछले एक साल में नशा किया था, उनमें भावनात्मक परेशानी, व्यवहार संबंधी समस्याएं और जरूरत से ज्यादा सक्रियता जैसे लक्षण अधिक पाए गए. इसमें नशे की शुरुआत की औसत उम्र 12.9 साल मिली. इनहेलेंट्स का इस्तेमाल शुरू करने की औसत उम्र तो इससे भी कम यानी 11.3 साल थी.
नशा रोकने के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए?
बच्चों और युवाओं को नशे से बचाने के लिए सरकार ने 15 अगस्त 2020 को नशा मुक्त भारत अभियान शुरू किया था. शुरुआत में इसे 272 जिलों में लागू किया गया. अगस्त 2023 से इसका विस्तार देश के सभी जिलों में कर दिया गया. इस अभियान के तहत स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाते हैं. साथ ही बच्चों और युवाओं को नशे के नुकसान के बारे में बताया जाता है.
सरकार के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 तक इस अभियान के जरिए 14.33 करोड़ से ज्यादा युवाओं तक पहुंच बनाई जा चुकी है. वहीं, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे नेशनल एक्शन प्लान फॉर ड्रग डिमांड रिडक्शन (NAPDDR) के लिए केंद्रीय बजट 2026-27 में 333 करोड़ रुपये अलॉट किए गए हैं. इससे पहले 2025-26 के लिए 420 करोड़ रुपये का संशोधित बजट अनुमान रखा गया था. जबकि फाइनेंशियल ईयर 2024-25 में इस योजना पर 268.32 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
कानपुर देहात 19 नवंबर मूसानगर के अखंड परमधामआश्रम मैं आयोजित 34 वे भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन एवं श्रीमद् भागवत कथा कार्यक्रम में आज उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक शिरकत कार्यक्रम को
Leave a Comment: