दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों द्वारा CRPF की एक चौकी पर गोलीबारी करने से दो दिन पहले, एक लड़का उसी चौकी के पास आया और उसने वहां तैनात जवानों को चेतावनी दी थी. सूत्रों के मुताबिक, इस छात्र की तलाश पर की जा रही हैं. सूत्रों ने बताया कि इस कथित तौर पर 10वीं के छात्र ने इस नाके पर तैनात सीआरपीएफ कर्मियों को चेताया था कि”हम तुम्हें नहीं छोड़ेंगे.”
उस समय जवानों ने इस धमकी को गंभीरता से नहीं लिया था. लेकिन बुधवार को हुए हमले में तीन जवानों के घायल होने के बाद, पुलिस अब उस लड़के की पहचान करने और उसे खोजने की कोशिश कर रही है.
एक जवान की हालत गंभीर
बुधवार, 11 नवंबर को दोपहर करीब 2:15 बजे दो आतंकी घने पेड़ों के बीच से बाहर आए. उनके पास भारी हथियार थे. उन्होंने कुलगाम के मीर बाजार के पास CRPF चौकी पर गोलीबारी शुरू कर दी. इस हमले में तीन जवान घायल हो गए. इनमें से एक जवान की हालत गंभीर है.
यह चौकी श्रीनगर से करीब 75 किलोमीटर दूर है. यह जम्मू-श्रीनगर हाईवे से भी सिर्फ एक किलोमीटर की दूरी पर है. सुरक्षा के लिहाज से यह रास्ता बहुत अहम है.
मेटल के परत वाली थीं गोलियां
सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों ने खास तरह की गोलियों का इस्तेमाल किया. ये गोलियां मेटल की परत वाली थीं, जो मजबूत सुरक्षा कवच को भी भेद सकती हैं. इनमें से कुछ गोलियां गंभीर रूप से घायल जवान की बुलेट-प्रूफ जैकेट के भी पार निकल गईं. अभी उस जवान का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
फिलहाल, CRPF जवानों पर हुए हमले के बाद कुलगाम में घेराबंदी और तलाशी अभियान जारी है. सुरक्षा बल हमलावरों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: