पूरब दिशा से आई गोली से घायल, छत पर मिला कारतूस, पुलिस कर रही जांच
गोरखपुर रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोहल्ले में करवा चौथ के दिन बड़ा हादसा हो गया। पति की लंबी उम्र के लिए छत पर पूजा कर रही 45 वर्षीय विजया चौहान की नाक में अचानक गोली लग गई। गोली लगते ही महिला खून से लथपथ होकर गिर पड़ी।
घटना से छत पर पूजा कर रही अन्य महिलाओं में अफरातफरी मच गई। परिजन घायल महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पूरब दिशा से आई गोली
विजया चौहान के पति आलोक चौहान गोपालपुर में किराना और अंडे की दुकान चलाते हैं। शाम को विजया घर की तीसरी मंजिल की छत पर परिवार और किराएदार महिलाओं के साथ करवा चौथ की कथा सुन रही थीं। इसी दौरान पूरब दिशा से आई एक गोली उनकी नाक में जा लगी।
गोली लगने के बाद परिजनों ने डायल 112 मिलाने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। आधे घंटे इंतजार के बाद परिजन उन्हें सीधे रामगढ़ताल थाने ले गए। वहां से महिला पुलिसकर्मी उन्हें जिला अस्पताल लेकर गई। रात 10:30 बजे हालत स्थिर होने पर उन्हें छुट्टी मिली।
छत से मिला कारतूस
परिजनों ने पुलिस को एक गोली भी सौंपी है जो घटना के बाद छत पर पड़ी मिली थी। पुलिस एयरगन से फायरिंग की आशंका जता रही है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस आसपास के इलाके में पूछताछ कर गोली चलाने वाले की तलाश कर रही है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: