बांदा में स्नातक MLC चुनाव की तैयारी तेज, 18 मतदान स्थलों को निर्वाचन आयोग की मंजूरी
आमोद कुमार 
बांदा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने जनपद बांदा में प्रस्तावित 18 मतदान स्थलों को अनुमोदन दे दिया है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 25 के तहत मतदान स्थलों की सूची प्रकाशित कर दी गई है।
जिले में निर्धारित मतदान स्थल जसपुरा, तिंदवारी, बांदा शहर, मटौंध, बबेरू, कमासिन, बिसंडा, महुआ, अतर्रा और नरैनी में बनाए गए हैं। इनमें क्षेत्र पंचायत कार्यालयों के साथ विभिन्न इंटर कॉलेज, राजकीय विद्यालय और अन्य शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं। कुछ केंद्रों पर मतदाता सूची के खंडों के अनुसार अलग-अलग भाग निर्धारित किए गए हैं।
बांदा शहर में आर्य कन्या इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज और उच्च प्राथमिक विद्यालय खिन्नी नाका सहित विभिन्न स्थानों पर मतदान की व्यवस्था की गई है। वहीं, अतर्रा में हिंदू इंटर कॉलेज और नरैनी में राजकुमार इंटर कॉलेज समेत अन्य निर्धारित केंद्रों पर भी स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
प्रशासन के अनुसार, इन केंद्रों पर संबंधित क्षेत्र पंचायतों, नगर पंचायतों और नगर पालिका क्षेत्रों के निर्धारित खंडों में शामिल स्नातक मतदाता मतदान करेंगे। ये मतदान स्थल केवल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के लिए निर्धारित हैं।
प्रशासन की ओर से मतदान स्थलों का प्रकाशन निर्वाचन प्रक्रिया की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मतदाताओं को सलाह दी जाती है कि मतदान से पहले अपने निर्धारित केंद्र और मतदाता सूची में संबंधित विवरण की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।