निबंधक कार्यालयों में भ्रष्टाचार और जमीनों की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी पर रोक लगाने की मांग — मुन्ना लाल तिवारी


मंझनपुर, कौशांबी। खाद, बीज, सिंचाई, बिजली, राजकीय नलकूपों और पशुओं में फैल रहे लंपी रोग जैसी समस्याओं को लेकर समर्थ किसान पार्टी ने शनिवार को जिला मुख्यालय मंझनपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार को 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन से पहले समर्थ किसान पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता जिला पंचायत परिसर मंझनपुर में एकत्र हुए, जहां बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पार्टी जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी ने कहा कि जिले के निबंधक कार्यालयों में बिचौलियों, दलालों और बाहरी लोगों के कथित हस्तक्षेप के कारण गरीबों और किसानों को जमीन की खरीद-फरोख्त में अनियमितताओं, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका मंझनपुर और सिराथू समेत जिले के प्रमुख कस्बों, बाजारों तथा राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों से जुड़ी जमीनों के क्रय-विक्रय में किसानों और गरीबों के शोषण की शिकायतें सामने आती हैं। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सिराथू निबंधक कार्यालय में हाल ही में जमीन की खरीद-फरोख्त में हुई कथित हेराफेरी का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी से संबंधित मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा निबंधक कार्यालयों का समय-समय पर औचक निरीक्षण कराने की मांग की।
बैठक के बाद जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया। वहां अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार को 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर किसानों और आम जनता की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई।
ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगें
पार्टी की ओर से निबंधक कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और सिराथू निबंधक कार्यालय से जुड़े हालिया मामले में जांच कर संबंधित पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई। इसके अलावा करारी माइनर नहर सहित जिले की सूखी नहरों और रजबहों में टेल तक पानी पहुंचाने, नवरात्रि के दौरान शाम और रात में बिजली कटौती बंद करने तथा रोस्टर के अनुसार 22 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
ज्ञापन में सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने, पशुओं में लंपी रोग के उपचार की समुचित व्यवस्था करने, साधन सहकारी समिति उदहिन खुर्द के जर्जर भवन को ध्वस्त कर नया भवन बनवाने तथा नारा स्थित खराब राजकीय नलकूप को चालू कराने की मांग भी शामिल रही।
इसके साथ ही उदहिन बुजुर्ग स्थित पशु चिकित्सालय को दुरुस्त कराने और जुवरा-नारा-टेवा मार्ग, सिराथू-रामसहायपुर होकर अफजलपुरवारी जाने वाले जर्जर मार्ग तथा कमासिन माता मंदिर मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की गई। वहीं शाखा से शमसाबाद और मलाक पिंजरी होकर मंझनपुर-प्रयागराज तक नई रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई।
इस दौरान अजय सोनी, प्रेमचंद्र केसरवानी, राजेश गौतम, रोहित सोनी, भैरव प्रसाद गौतम, मणिशंकर, सत्येंद्र तिवारी, रोशन लाल, परिहार लोधी, फूलचंद्र लोधी, बबलू सरोज सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।