*यूपीआई के छिपे शुल्क पर व्यापारियों ने जताई नाराजगी, विरोध का ऐलान*
*जौनपुर।* भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की नगर कमेटी की बैठक शनिवार को ओलंदगंज स्थित हिचकी चाट रेस्टोरेंट में नगर अध्यक्ष जयकृष्ण साहू ‘जैकी’ की अध्यक्षता में हुई। बैठक में डिजिटल भुगतान पर एमडीआर, व्यापारियों की सुरक्षा, बाजारों की सफाई और त्योहारों के दौरान सुविधाओं समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
नगर अध्यक्ष जैकी साहू ने कहा कि यूपीआई ने व्यापार को आसान बनाया है, लेकिन डिजिटल भुगतान का कोई अतिरिक्त या छिपा शुल्क व्यापारियों पर नहीं डाला जाना चाहिए। ऐसे किसी भी शुल्क की जानकारी पहले से स्पष्ट रूप से दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल व्यापारियों पर किसी भी प्रकार के छिपे शुल्क का विरोध करेगा।
जिलाध्यक्ष विवेक ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों और ऑफलाइन व्यापारियों के बीच समान अवसर सुनिश्चित किया जाना चाहिए। साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए व्यापारियों की विशेष कार्यशाला आयोजित करने की बात भी कही। उन्होंने व्यापारियों के हित में लगातार प्रयास और जरूरत पड़ने पर संघर्ष का भरोसा दिलाया।
नगर प्रभारी अजीत सोकर व महामंत्री दिलीप जायसवाल ने त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में सफाई, कूड़ा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग उठाई। उन्होंने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा कमर्शियल सोलर पैनल पर घरेलू सोलर की तर्ज पर सब्सिडी देने की मांग की।
नगर उपाध्यक्ष विवेक प्रताप सेठी ने डिजिटल कार्यशाला आयोजित करने, जबकि श्याम वर्मा ने हर माह ‘व्यापारी संवाद बैठक’ कराने का सुझाव दिया। प्रदीप सिंह ने व्यापारी सुरक्षा बीमा योजना लागू करने और बाजारों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की मांग रखी।
बैठक में आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजार के प्रमुख स्थानों पर संगठन की ओर से पेयजल, शरबत और अन्य सुविधाओं के सेवा स्टॉल लगाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान संजय जायसवाल, रवि गुप्ता, सोमेंद्र अग्रहरि, डॉ. दिलीप सिंह, नवीन साहू, प्रशांत कुकरेजा, अमनदीप सिंह, अभिषेक गुप्ता समेत सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: