गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट रविवार को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान टेल स्ट्राइक का शिकार हो गई. DGCA ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है.


  • गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट (6E 6542) रविवार को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान ‘टेल स्ट्राइक’ का शिकार हो गई. हालांकि, विमान सुरक्षित रूप से लैंड कर गया और सभी यात्री और क्रू मेंबर बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकल आए.
  •  
  • बताया जा रहा है कि यह घटना दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान हुई. पहली बार कोशिश करते समय पायलट ने लैंडिंग रोक दी और विमान को हवा में ही घुमाया. दूसरी कोशिश के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया. इसके बावजूद, दूसरी कोशिश में दोपहर 1:34 बजे विमान सफलतापूर्वक लैंड कर गया.
  • इस मामले में, इंडिगो ने बताया कि तेज हवाओं के बीच लैंडिंग करते समय विमान का रनवे से असामान्य संपर्क हुआ. घटना के बाद, विमान को तुरंत ग्राउंड कर दिया गया यानी अभी इसे उड़ान भरने की इजाजत नहीं है. एयरलाइन ने पुष्टि की है कि विमान की पूरी तरह से मेंटेनेंस जांच की जा रही है और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में लाया जाएगा.
  •  
  • DGCA ने शुरू की जांच
  • इंडिगो ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है. एयरलाइन ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने तक फ्लाइट का संचालन नहीं किया जाएगा. फिलहाल डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है.
  • यात्रियों के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था
  • गौरतलब है कि यह फ्लाइट गुवाहाटी से बेंगलुरु पहुंचने के बाद कोयंबटूर जाने वाली थी. कंपनी ने बेंगलुरु-कोयंबटूर रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक अलग फ्लाइट की व्यवस्था की ताकि उनकी यात्रा में कोई रुकावट न आए. इस घटना से एयरपोर्ट के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा और अन्य उड़ानें तय समय के अनुसार चलती रहीं.
  • क्या है टेल स्ट्राइक?
  • ‘टेल स्ट्राइक’ तब होती है जब लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा जाता है. ऐसा आमतौर पर तेज़ हवाओं, असामान्य अप्रोच एंगल या लैंडिंग प्रक्रिया के दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण होता है. इंडिगो का कहना है कि यह घटना तेज हवाओं के कारण हुई. जांच अभी चल रही है, घटना का सही कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।