बारिश में डूबी किसानों की मेहनत, चार बीघे धान बर्बाद होने की कगार पर
36 घंटे लगातार बारिश से खेत जलमग्न, 14 यूकेलिप्टस पेड़ गिरे; किसान ने डीएम से सर्वे की लगाई गुहार
सिधौली, सीतापुर। तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तहसील सिधौली क्षेत्र के ग्राम चंदनपुर, पोस्ट हुसैनगंज निवासी किसान ज्ञानेंद्र कुमार पुत्र रामकिशन के करीब चार बीघे खेत में खड़ी धान की फसल पानी में पूरी तरह डूब गई है। करीब 36 घंटे लगातार बारिश के बाद खेत में इतना पानी भर गया कि फसल जमीन पर गिर गई और बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई।
किसान के अनुसार खेत में लगे यूकेलिप्टस के करीब 14 पेड़ भी बारिश के कारण गिर गए। धान की फसल कटाई के लिए तैयार होने की स्थिति में थी, लेकिन लगातार बारिश ने किसान की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेत में जलभराव के चलते फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है।
किसान ने बताया कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, मजदूरी समेत अन्य खर्च करने के बाद तैयार हुई फसल यदि पानी में खराब हो गई तो परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। वहीं क्षेत्र के अन्य गांवों में भी खेतों में जलभराव की स्थिति बताई जा रही है।
किसान ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार
ज्ञानेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी सीतापुर से मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेकर प्रभावित खेत का स्थलीय निरीक्षण कराने और फसल नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार सहायता दिलाए जाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि बारिश जारी रही तो नुकसान और बढ़ सकता है। प्रशासन द्वारा समय रहते प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर किसानों को राहत दिलाने की जरूरत है।
रिपोर्टर – विनोद कुमार | सिधौली, सीतापुर
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: