*खेल के मैदान में जौनपुर पुलिस का परचम, कनक शर्मा-स्मिता ने जीते 16 पदक,*
*कनक शर्मा ने 12 तो स्मिता ने 4 पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान,*
*अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने मेडल पहनाकर दोनों महिला पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित,*
*जौनपुर।* पुलिस विभाग की खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाली महिला मुख्य आरक्षी कनक शर्मा और महिला मुख्य आरक्षी स्मिता को सोमवार को पुलिस कार्यालय में सम्मानित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने दोनों महिला पुलिसकर्मियों को मेडल पहनाकर उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
थाना जलालपुर में नियुक्त महिला मुख्य आरक्षी कनक शर्मा ने विभिन्न पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में कुल 12 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। वहीं महिला मुख्य आरक्षी स्मिता ने चार पदक अर्जित कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कनक शर्मा ने 10 से 12 जुलाई तक वाराणसी जोन में आयोजित 43वीं अन्तर्जोनल पुलिस बैडमिंटन/टेबल टेनिस प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण और दो रजत सहित पांच पदक हासिल किए। इसके बाद 23 से 26 जुलाई तक मुरादाबाद में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक खेल प्रतियोगिता-2026 में उन्होंने तीन रजत और चार कांस्य सहित सात पदक जीते।
इसी क्रम में 43वीं उत्तर प्रदेश पुलिस अन्तर जनपदीय बैडमिंटन/टेबल टेनिस प्रतियोगिता में महिला मुख्य आरक्षी स्मिता ने दो स्वर्ण और दो रजत सहित कुल चार पदक हासिल किए।
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जौनपुर पुलिस परिवार ने गर्व जताते हुए कहा कि उनकी सफलता पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी खेल और फिटनेस के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: