देश के 3 राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के परिणाम बेहद अप्रत्याशित रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 3 में से 2 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा. बिहार की बांकीपुर सीट से बीजेपी को 1995 के बाद हार मिली है, वहीं आसान मानी जा रही एमपी की दतिया सीट से भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है. बीजेपी अब दतिया उपचुनाव में मिली हार के बाद की वजह तलाशने में जुट गई है.भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आज मंगलवार को हाई लेवल समीक्षा बैठक होगी. बैठक में चुनाव से जुड़े करीब 20 नेताओं को बुलाया गया है, जिन्होंने चुनाव अभियान की जिम्मेदारी संभाली थी
दतिया के चुनाव परिणाम ने चौंकाया
दतिया उपचुनाव के नतीजों ने बीजेपी नेतृत्व को चौंका दिया है. पार्टी को जहां शहर में अब तक की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा, तो ग्रामीण इलाकों में बीजेपी कांग्रेस से 5,215 वोट आगे रही. इसके बावजूद यह सीट कांग्रेस के खाते में चली गई. चुनाव परिणाम के बाद बीजेपी अब बूथ प्रबंधन, चुनावी रणनीति, स्थानीय संगठन की सक्रियता और प्रचार अभियान की कमियों की विस्तार से समीक्षा करने जा रही है.सूत्रों के मुताबिक बैठक में उन नेताओं और कार्यकर्ताओं की भूमिका भी जांच के दायरे में रहेगी, जिन पर चुनाव के दौरान पार्टी लाइन से हटकर काम करने के आरोप लगे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हुए ऑडियो और अनुशासनहीनता की शिकायतों पर भी चर्चा हो सकती है. बैठक में तैयार समीक्षा रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी और जरूरत पड़ने पर उस पर कार्रवाई भी संभव है.
जनता का फैसला सर्वोपरिः CM मोहन
परिणाम को लेकर मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि जनता का फैसला सर्वोपरि है और बीजेपी उसका सम्मान करती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी सीट बचाने में सफल रही, लेकिन बीजेपी ने पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में अपने वोट बढ़ाए हैं. वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि हार के हर पहलू की निष्पक्ष समीक्षा होगी और जहां भी संगठनात्मक कमजोरी सामने आएगी, वहां सुधार के साथ जिम्मेदारी भी तय की जाएगी.
वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी परिणाम के बाद कहा कि बीजेपी बांकीपुर और दतिया सीट पर नतीजों का गहन आत्ममंथन करेगी. उन्होंने आगे कहा, “हम इन दोनों क्षेत्रों के चुनाव परिणामों का पूरी गंभीरता के साथ गहन आत्ममंथन करेंगे. साथ ही नए उत्साह और संकल्प के साथ जनता के बीच जाकर उनके विश्वास को मजबूत करने के लिए लगातार काम करते रहेंगे.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: