*राज्यपाल के जौनपुर दौरे पर ट्रैफिक अलर्ट, 27 जुलाई को सुबह 6 से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री*
*दीक्षांत समारोह के मद्देनज़र रूट डायवर्जन लागू, रोडवेज बसों के मार्ग भी बदले; यातायात पुलिस ने वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की*
*जौनपुर।* वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 27 जुलाई को आयोजित होने वाले 30वें दीक्षांत समारोह और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के प्रस्तावित दौरे को लेकर यातायात पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 27 जुलाई को सुबह 6:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छोड़कर सभी भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार, राज्यपाल का काफिला सिटी स्टेशन से पॉलिटेक्निक चौराहा, वाजिदपुर तिराहा, जेसिस चौराहा, जोगियापुल, सद्भावना पुल तिराहा, अशोक टॉकीज तिराहा, चहारसू चौराहा और कुत्तूपुर तिराहा होते हुए पूर्वांचल विश्वविद्यालय पहुंचेगा। इसी मार्ग को देखते हुए कई प्रमुख चौराहों से भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा प्रयागराज, सुल्तानपुर, भदोही, मिर्जापुर और वाराणसी की ओर से आने-जाने वाली रोडवेज बसों के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है। वहीं शाहगंज और आजमगढ़ रूट की बसों का संचालन भी वैकल्पिक मार्गों से किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें तथा यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि दीक्षांत समारोह के दौरान यातायात सुचारु बना रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: