ब्रेकिंग न्यूज़ | कानपुर देहात
खेत जोतने जा रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
कानपुर देहात। जनपद के थाना मूसानगर क्षेत्र के ग्राम सरौटा में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में किसान की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सरौटा निवासी संजय निषाद (32 वर्ष) पुत्र सिरमोहन निषाद रविवार दोपहर अपने खेत की जुताई करने के लिए ट्रैक्टर लेकर घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि खेत पहुंचने से पहले ही रास्ते में अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से संजय उसके नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता सिरमोहन निषाद घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना मूसानगर की थाना प्रभारी अमिता वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। हर किसी की आंखें नम थीं। मृतक की पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों का विलाप देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसा ट्रैक्टर के अचानक असंतुलित होकर पलट जाने से हुआ। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: