वीरांगना ऊदा देवी पासी जयंती पर डॉ. अंबेडकर संवैधानिक महासंघ का भव्य आयोजन, धारा 144 के चलते प्रस्तावित पदयात्रा स्थगित, प्रशासन को सौंपा गया जनसमस्याओं का ज्ञापन


सिधौली (सीतापुर) | निर्दोष तिवारी की खास रिपोर्ट
सिधौली (सीतापुर)। महान क्रांतिकारी वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती के अवसर पर मंगलवार को सिधौली स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क में डॉ. अंबेडकर संवैधानिक महासंघ के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, बहुजन समाज के लोगों, युवाओं एवं महिलाओं ने भाग लेकर वीरांगना ऊदा देवी पासी तथा भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
संगठन द्वारा पूर्व घोषित डॉ. अंबेडकर पार्क, बहादुरपुर (सिधौली) से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आवास, लखनऊ तक प्रस्तावित पदयात्रा को प्रशासन द्वारा क्षेत्र में धारा 144 लागू होने की जानकारी दिए जाने के बाद स्थगित कर दिया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कानून और संविधान का सम्मान करते हुए तत्काल पदयात्रा स्थगित करने की घोषणा की। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से डॉ. अंबेडकर पार्क में ही वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती मनाई।
कार्यक्रम स्थल पर क्षेत्राधिकारी सिधौली, उपजिलाधिकारी (एसडीएम) तथा प्रभारी निरीक्षक सिधौली पहुंचे और संगठन की ओर से विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन प्राप्त किया। ज्ञापन में कानून व्यवस्था, ग्राम समाज की भूमि, राजस्व संबंधी मामलों, गरीब एवं वंचित वर्गों की समस्याओं सहित कई जनहित के मुद्दे उठाए गए। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि डॉ. अंबेडकर संवैधानिक महासंघ संविधान की मर्यादा के भीतर रहकर सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को समान अधिकारों वाला संविधान दिया, जबकि वीरांगना ऊदा देवी पासी ने अपने अद्वितीय साहस और बलिदान से स्वतंत्रता संग्राम में अमिट योगदान दिया। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों पर चलने, शिक्षा प्राप्त करने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
मुख्य संयोजक रामचंद्र पटेल ने कहा कि संगठन समाज के शोषित, वंचित और पीड़ित लोगों की आवाज़ को लोकतांत्रिक तरीके से उठाता रहेगा। राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह त्यागी ने युवाओं से संविधान के मूल्यों को अपनाने और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने का आह्वान किया। राष्ट्रीय मुख्य प्रचारक प्रदीप बौद्ध ने कहा कि महापुरुषों के विचारों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर नंदलाल गौतम, अनुज कुमार गौतम, बदल नेता, ज्ञानेंद्र कुमार गौतम, ममता तिवारी, रजनी राज, पंकज कुमार, मुकेश कुमार, सरजीत कुमार, सर्वेश कुमार, शिवकुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने वीरांगना ऊदा देवी पासी और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके त्याग और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान "जय भीम" और "संविधान जिंदाबाद" के नारों से वातावरण गूंज उठा। अंत में प्रशासन द्वारा ज्ञापन स्वीकार किए जाने और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिए जाने का स्वागत किया गया। साथ ही संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो संविधान और कानून की मर्यादा में रहकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता, संविधान की रक्षा तथा महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।