अब तक न्याय /दीप सिंह


छिबरामऊ, कन्नौज। राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के प्रायोजन में दि फर्रुखाबाद डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, फतेहगढ़ की शाखा छिबरामऊ के अंतर्गत बी-पैक्स प्रेमपुर क्षेत्र के ग्राम माधौनगर में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन रूट्स फाउंडेशन, सीतापुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना था।
माधौनगर मंदिर परिसर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को ई-केसीसी, डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता, साइबर सुरक्षा तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बैंक खातों के सुरक्षित संचालन, समय पर ऋण अदायगी के लाभ और वित्तीय अनुशासन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। ग्रामीणों को डिजिटल लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार की गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए सीतापुर से आए जादूगर बुद्ध सागर ने जादू प्रदर्शन के माध्यम से साइबर सुरक्षा और वित्तीय जागरूकता से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि बैंक खातों, एटीएम, ओटीपी और अन्य गोपनीय सूचनाओं को किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए। उन्होंने लोगों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए।
इस अवसर पर समिति सचिव बृजेश कुमार यादव एवं कंप्यूटर ऑपरेटर अक्षय कुमार ने बैंक की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में लगभग 100 ग्रामीणों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें डिजिटल बैंकिंग और वित्तीय प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।