सिधौली/सीतापुर।
डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष, 152 विधानसभा सिधौली जनपद सीतापुर के लोकप्रिय सामाजिक नेता राजेश कुमार सिद्धार्थ के नेतृत्व में आगामी 16 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे डॉ. अंबेडकर पार्क बहादुरपुर में बहुजन समाज के सम्मान, स्वाभिमान एवं महापुरुषों के सम्मान में विशाल धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह त्यागी ने बताया कि 78 वर्ष बीत जाने के बाद भी 152 विधानसभा सिधौली में बहुजन समाज के लोगों एवं महापुरुषों के साथ भेदभाव एवं अपमान की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। बुद्ध कथा, संविधान चर्चा एवं बहुजन समाज में जन्मे महापुरुषों के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रशासनिक अनुमति लेनी पड़ती है, जबकि अन्य आयोजनों एवं जुलूसों के लिए ऐसी बाध्यता नहीं दिखाई देती। यह दोहरी व्यवस्था लोकतंत्र एवं संविधान की मूल भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि जब भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है, तब बहुजन समाज के साथ भेदभाव क्यों किया जाता है? आखिर 76 वर्षों से अनुसूचित जाति के सांसद एवं विधायक होने के बावजूद 152 विधानसभा सिधौली में समान कानून व्यवस्था पूरी तरह लागू क्यों नहीं हो सकी? क्षेत्र की जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि बहुजन समाज तथागत गौतम बुद्ध, चक्रवर्ती सम्राट अशोक, महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले, संत गुरु रविदास, संत गाडगे बाबा, ललई सिंह यादव, रामस्वरूप वर्मा एवं शेख फातिमा जैसे महापुरुषों के विचारों को मानने वाला समाज है, जो लोकतांत्रिक, संवैधानिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ना जानता है। उन्होंने कहा कि हमें भारतीय संविधान में दिए गए लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ की मंशा अनुरूप राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वंश राज भारती, डॉ. राम अवतार भारती, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनम गौतम, प्रदीप बौद्ध राष्ट्रीय प्रचारक ,जिला अध्यक्ष अनुज कुमार गौतम, ज्ञानेंद्र कुमार गौतम, विनोद कुमार गौतम, गजोधर प्रसाद, लक्ष्मी गौतम, राजेश कुमार एवं अशोक कुमार सहित सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अधिक से अधिक संख्या में लोगों को कार्यक्रम में पहुंचाने एवं शांतिपूर्ण ढंग से आयोजन को सफल बनाने की जिम्मेदारी निभाएंगे, जिससे किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में बहुजन समाज के लोग एकत्रित होकर उप जिलाधिकारी सिधौली के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि बहुजन समाज के साथ हो रहे जुल्म, अन्याय एवं भेदभाव को नहीं रोका गया, तो भविष्य में व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
अंत में राजेश कुमार सिद्धार्थ ने बहुजन समाज, संविधान प्रेमियों एवं सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले सभी लोगों से अपील की कि वे 16 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे डॉ. अंबेडकर पार्क बहादुरपुर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं तथा बहुजन समाज के सम्मान, स्वाभिमान एवं अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करें।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: