नई दिल्ली: राज्यसभा में शुक्रवार को सांसद हरिवंश को तीसरी बार उपसभापति चुना गया। उनके पुनर्निर्वाचन का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने रखा, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। इस मौके पर आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद राघव चड्ढा ने हरिवंश को बधाई दी और अपने अंदाज में कई दिलचस्प बातें कहीं। राघव चड्ढा ने कहा, मैं श्री हरिवंश जी को राज्यसभा के उपसभापति के रूप में उनके तीसरे कार्यकाल के लिए बधाई देता हूं।
हरिवंश जी के साथ खट्टा-मीठा रिश्ता रहा है
राघव चड्ढा ने आगे कहा, मेरा व्यक्तिगत रिश्ता श्री हरिवंश जी के साथ थोड़ा खट्टा-मीठा रहा है। खट्टा उस समय जब हम ऑफ टॉपिक चले जाते हैं तो उनसे डांट भी खाते हैं और मीठा उस समय जब टॉपिक पर रहकर सटीक बात करते हैं, तब उनकी पर्ची और उनका आशीर्वाद आता है। मैं अपनी तरफ से प्रयास करूंगा कि इनके इस कार्यकाल में यह खट्टा-मीठा रिश्ता मीठा-मीठा रिश्ता बने और खट्टा रिश्ता समाप्त हो। मुझे पूरा विश्वास है कि श्री हरिवंश जी का विशाल अनुभव सदन के कामकाज को अत्यधिक लाभ पहुंचाएगा और इसकी गरिमा, मर्यादा तथा लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगा।
राघव चड्ढा ने की सभापति की भी की तारीफ
राघव चड्ढा ने राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन की भी सराहना की। उन्होंने कहा, जब से आप इस सदन के अध्यक्ष बने हैं, हम सभी सदस्यों को बोलने का काफी मौका मिलता है। पहले जीरो आवर में केवल 5-7 सांसदों को ही मौका मिलता था, लेकिन अब 15, 20, 22 सदस्यों को बोलने का अवसर मिलता है। वहीं, चड्ढा ने इस दौरान अपनी ही पार्टी आम आदमी पार्टी पर भी हल्का तंज कसा। उन्होंने कहा, जिस पार्टी से मैं आता हूं, उसके नेता सदन में मौजूद नहीं हैं। पार्टी के नए नियुक्त उपनेता भी सदन में नहीं हैं। मैं हाल ही में हटाया गया उपनेता हूं और मैं सदन में मौजूद हूं।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: