श्रीकृष्ण भास्कर सह संपादक अब तक न्याय न्यूज आपको अवगत कराते चलें कि जनपद पीलीभीत
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में संचारी रोग एवं दस्तक अभियान की तैयारियों की प्रथम अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक गांधी सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में दिनांक 01 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दिनांक 10 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक दस्तक अभियान के सफल संचालन किया जायेगा। जिसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पंचायती राज, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास विभाग, नगर विकास आदि द्वारा कार्ययोजना बनाकर सम्पूर्ण माह में अपने-अपने विभागों के माइक्रोप्लान के अनुसार संचारी रोगों के प्रभारी नियंत्रण हेतु की जाने वाली कार्यवाहियां की जायेगी। अभियान के अन्तर्गत निम्न सहयोगी विभागों द्वारा निर्धारित कार्ययोजना अनुसार कार्यवाही सम्पन्न की जायेगी- पंचायती राज विभाग द्वारा ग्रामों मे नालियों की सफाई, जल भराव समाप्त करने, उथले हैण्ड पम्पों का चिन्हिकरण, इण्डिया मार्का-2 हैण्ड पम्पों की मरम्मत, झाडियों की कटाई इत्यादि का कार्य किया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा प्रत्येक विद्यालय में नोडल अध्यापक नामित कर प्रतिदिन प्रार्थना सभा में बच्चों को संचारी रोगों एवं उनसे बचाव हेतु जानकारी दी जाएगी साथ ही संचारी रोगों के प्रति बच्चों में जागरूकता का प्रसार हो इस हेतु पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा। कृषि विभाग द्वारा ग्रामों में ग्रामवासियों की गोष्ठियाॅ आयोजित कर चूहा एवं छछूदर आदि के नियंत्रण हेतु उनका संवेदीकरण किया जाएगा। पशुपालन विभाग द्वारा सूकर पालकों के संवेदीकरण हेतु गोष्ठियाॅ आयोजित की जाएगी और उन्हे सूकर वाडों को साफ-सुथरा रखने, नियमित रूप से कीटनाशकों के छिडकाव एवं वाडों को महीन जालियों से ढकने हेतु प्रेरित किया जाएगा। बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाडी कार्यकत्रियों के माध्यम से कुपोषित बच्चों का चिन्हिकरण कर अति कुपोषित बच्चों केा एन0आर0सी0 को संदर्भित किया जाएगा। नगर पालिका परिषद/नगर पंचायतों द्वारा अपने अधीन आने वाले नगरीय क्षेत्रों में नियमित रूप से नालियों की सफाई एवं कूडा निस्तारण के साथ-साथ रोस्टर बनाकर सभी वार्डों/मोहल्लों में लार्वानाशक स्प्रे एवं फाॅगिंग की गतिविधियाॅ संचालित की जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी सीएचसी पर सोमवार से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव का टीका) निःशुल्क लगाया जाएगा, उन्होंने कहा कि टीका लगवाने हेतु आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र/शैक्षिक प्रमाणपत्र अवश्य लेकर आएं।
दिनांक 10.04.2026 से प्रारम्भ होने वाले दस्तक अभियान में आशा कार्यकत्रियों द्वारा प्रत्येक घर पर जाकर घर वालों को संचारी रोग के वारे में बताने के साथ-साथ घर के अन्दर जाकर यह निरीक्षण किया जाएगा कि घर में कहीं भी टूटे-फूटे सामानों अथवा अन्य अनुपयोगी पात्रों में जल-भराव न हो और यदि ऐसा मिलता है तो तत्काल गृहस्वामी के समक्ष उसे खाली कराया जाएगा और यह बताया जाएगा कि ऐसे पात्रों में ही डेंगू अथवा मलेरिया के लार्वा पनपते है। इसके अतिरिक्त दस्तक अभियान के दौरान आशा द्वारा घर-घर जाकर बुखार, खासी-जुकाम, टी0बी0, फाइलेरिया आदि रोगियों की सूची तैयार कर सी0एच0सी0 पर प्रेषित की जाएगी और ऐसे रोगियों की सी0एच0सी0 पर जाॅच कर उन्हे उपचार प्रदान किया जाएगा। अभियान के दौरान हीट रिलेटेड इलनेसेज से बचाव हेतु भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर शीतल एवं शुद्व पेयजल की व्यवस्था, गर्मी से बचाव हेतु शेलटर्स की व्यवस्था, मौसम के पूर्वानुमान व तापमान का डिस्प्ले, विद्यालयों में तथा जनमानस में हीटवेव से बचाव हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 आलोक कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: