पूरब शरीरा तिराहे पर युवक को रौंदा दोनों पैर कटे परिजनों का फूटा गुस्सा


कौशांबी के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा तिराहे के पास सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित डंपर की टक्कर से 26 वर्षीय युवक जितेंद्र के दोनों पैर कट गए। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल, प्रयागराज रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक जितेंद्र पुत्र चैला सरोज सोमवार सुबह करीब पांच बजे जानवरों को चारा देकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह गगन सोनी के निर्माणाधीन मकान के सामने पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक डंपर के नीचे फंस गया, जिससे उसके दोनों पैर कट गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे ने जितेंद्र के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह परिवार पहले ही सड़क दुर्घटना का दंश झेल चुका है। करीब दस वर्ष पहले जितेंद्र के बड़े भाई अरविंद की भी पुनवार चौराहे के पास सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। दो भाइयों में जितेंद्र छोटा था। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने डंपर को थाने ले जाने का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही नगर पंचायत पूरब-पश्चिम शरीरा के प्रतिनिधि संजय सरोज और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने-बुझाने के बाद स्थिति को शांत कराया गया। थाना प्रभारी हरीश तिवारी ने बताया कि डंपर चालक और खलासी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को थाने में खड़ा करा दिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

 

 

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।