रिपोर्टर विनोद कुमार
सीतापुर में ठंड से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
सीतापुर। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में जनपद सीतापुर में शीतलहर एवं घने कोहरे का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा ठंड से बचाव को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है।
जिलाधिकारी डा. राजा गणपति आर. ने बताया कि जनपद में ठंड से बचाव हेतु 15 स्थानों पर रैन बसेरे स्थापित किए गए हैं, जहां निराश्रितों, असहायों एवं राहगीरों के ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। सभी रैन बसेरों में शासन के निर्देशानुसार समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह ने जनसामान्य से अपील की कि वे मौसम से संबंधित जानकारी समाचार पत्रों, रेडियो एवं टीवी के माध्यम से लेते रहें तथा जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने बताया कि ठंड से बचाव के लिए कान, नाक और गले को ढककर रखें, कई परत वाले गर्म कपड़े पहनें तथा स्नान के लिए गर्म पानी का प्रयोग करें। शरीर को गर्म रखने के लिए गर्म पेय पदार्थों एवं पौष्टिक आहार का सेवन करें।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: