सीतापुर के थाना रामपुरकला क्षेत्र में खेत में पेड़ से युवक का शव लटकता मिलने की घटना के बाद से हत्या और आत्महत्या के बीच की गुत्थी पुलिस के लिए सिरदर्द बनी हुई है। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने डॉक्टरों की निगरानी में पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होने की बात कही जा रही है।
घटना रामपुरकला थाना क्षेत्र के धीरपुर गांव के पश्चिम स्थित एक खेत की है। बुधवार शाम करीब 8:30 बजे ग्रामीणों ने खेत में आम के पेड़ से एक युवक का शव लटकता हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रामपुरकला थाना प्रभारी पीयूष सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।पुलिस जांच में मृतक की पहचान प्रमोद (30) पुत्र श्रीधर निवासी ग्राम बसावनपुर के रूप में हुई। शव मिलने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि शव की हालत को देखकर मामला संदिग्ध नजर आया। ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि युवक के हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था, जिससे आत्महत्या की आशंका कम और हत्या की संभावना अधिक प्रतीत होती है।
परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति आत्महत्या करता है तो उसके हाथ-पैर बंधे होना और मुंह में कपड़ा होना समझ से परे है। इन्हीं सवालों ने मामले को और उलझा दिया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। शव का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों की निगरानी में कराया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: