सेमरा गांव में पुरानी रंजिश से भड़की हिंसा, दोनों पक्षों में मारपीट; नाबालिग समेत कई घायल,पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हथगाँव थाना क्षेत्र के सेमरा गांव मजरे सेमरा मानापुर में दबंगई का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 13 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे गांव के ही कुछ लोगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में फतेह बहादुर, उनके छोटे भाई फूल सिंह, नाबालिग बेटी शिवानी और नाबालिग दुर्गेश गंभीर रूप से घायल हो गए। नाबालिग शिवानी को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि वह सड़क पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।पीड़ित फतेह बहादुर सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि आरोपियों ने गांव के वीरेंद्र सिंह, उनके पुत्र शुभम और अमन, माँ मंजू देवी (वीरेंद्र की पत्नी) शामिल हैं।आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से हमला किया। फतेह बहादुर के सिर पर कई वार किए गए, जिससे उनका सिर फट गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। अन्य घायलों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना की जड़ एक दिन पहले की है। फतेह बहादुर के छोटे भाई रोज की तरह स्कूल की मिनी बस और लोडर गांव में खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान शराब के नशे में धुत आरोपियों ने महिलाओं से अभद्रता की। गांव वालों ने रात में दोनों पक्षों में सुलह करवा दी थी, लेकिन अगले दिन आरोपियों ने घात लगाकर परिवार पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने खुलेआम धमकी दी – “हम भाजपा सरकार से जुड़े हैं, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।"
वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क पर खून बिखरा पड़ा है, घायल लोग दर्द से कराह रहे हैं और नाबालिग शिवानी बेहोश पड़ी है। आसपास के लोगों ने वीडियो बनाए और पुलिस को बुलाया। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी न तो FIR दर्ज हुई है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी।पीड़ित परिवार का आरोप है कि हथगाँव पुलिस केवल “जांच कर रहे हैं” कहकर टाल रही है। वीडियो सबूत होने के बावजूद कार्रवाई में देरी से दबंगों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
यह घटना फतेहपुर जनपद में बढ़ती दबंगई और पुलिस की कथित निष्क्रियता पर बड़े सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि राजनीतिक संरक्षण का दावा करने वाले दबंग खुलेआम कानून हाथ में ले रहे हैं, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगाता रह जाता है। विशेष रूप से नाबालिग लड़की पर हमला और महिलाओं से अभद्रता के मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।
पुलिस का पक्ष हथगाँव थाना पुलिस ने घटना की पुष्टि की है और कहा कि प्रार्थना पत्र मिला है, जांच चल रही है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई है।अपील: न्याय की पुकारपीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों से न्याय की अपील की है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: