ब्यूरो चीफ सुजीत कुमार, कानपुर नगर
कानपुर नगर।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने आज परिषदीय संविलियन विद्यालय मंधना प्रथम का निरीक्षण किया और विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिठूर विधानसभा क्षेत्र के बगदौधी बांगर में स्थित बूथ संख्या 48, 49, 50, 51 और 52 के बीएलओ से संवाद कर मौके की स्थिति जानी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनके फॉर्म जमा करने की स्थिति और जागरूकता के स्तर का आकलन किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान तेजी से संचालित हो रहा है। प्रत्येक पात्र मतदाता तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुँचाए जा रहे हैं, जिनमें मतदाताओं को अपना मूल विवरण, माता-पिता तथा दादा-दादी से संबंधित उपलब्ध जानकारी भरनी है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति माता-पिता या दादा-दादी का विवरण उपलब्ध नहीं करा पाता है, तब भी उसका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। 9 दिसंबर के बाद आवश्यक होने पर संबंधित अभिलेख प्राप्त किए जा सकेंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य है—कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और मृतक, शिफ्टेड एवं अनुपस्थित व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जा सकें। जिन मतदाताओं के फोटो पुराने हैं, उनके अद्यतन फोटो भी लिए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी फॉर्म समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएँ और कोई भी प्रपत्र लंबित न रहे। साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे फॉर्म भरकर शीघ्र अपने बीएलओ को उपलब्ध कराएँ, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक और अद्यतन रूप में तैयार किया जा सके।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: