मीरजापुर (मझवां):
श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, कछवां (खेल मैदान) में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भारत के लौह पुरुष, आधुनिक भारत के शिल्पी तथा देश की एकता और अखंडता के प्रतीक भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री आदरणीय नंद गोपाल नंदी जी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मझवां की लोकप्रिय विधायक मा० श्रीमती शुचिस्मिता मौर्या जी, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष आदरणीय बृजभूषण सिंह जी, तथा पहाड़ी मंडल अध्यक्ष आदरणीय अशोक मौर्य जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और सरदार पटेल जी के चित्र पर पुष्प अर्पण के साथ हुई। इसके उपरांत हजारों कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश देते हुए पदयात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह पदयात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर कछवां नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई पुनः विद्यालय प्रांगण में संपन्न हुई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नंद गोपाल नंदी जी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की 562 रियासतों को एकसूत्र में पिरोकर भारत को एक अखंड राष्ट्र के रूप में खड़ा किया। उनका जीवन देशभक्ति, दृढ़ निश्चय और राष्ट्रीय एकता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
विधायक श्रीमती शुचिस्मिता मौर्या जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज पूरा देश सरदार पटेल के सपनों का सशक्त, एकजुट और आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आग्रह किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ देशसेवा की भावना को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं और जनसामान्य ने सरदार पटेल अमर रहें, भारत माता की जय के जयघोष के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन तथा विद्यालय परिवार के शिक्षकगण व छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: