किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी राजेश कुमार सिद्धार्थ ने आज 152 विधानसभा सिधौली, जनपद सीतापुर में कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने गांव-गांव और घर-घर जाकर आम जनता से संवाद स्थापित किया तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों पर विस्तार से चर्चा की।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि भाजपा सरकार केवल पूंजीपतियों और बड़े उद्योगपतियों के हितों की रक्षा कर रही है, जबकि किसान, गरीब, मजदूर, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक लगातार उपेक्षा और शोषण का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जिस तरह से महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, उससे साफ है कि भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए और अधिक मेहनत करें। किसान कांग्रेस सदैव किसानों की आवाज बुलंद करती आई है और भविष्य में भी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर रही है। विरोध की हर आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस पार्टी और किसान कांग्रेस कार्यकर्ता चुप बैठने वाले नहीं हैं। चाहे आंदोलन करना पड़े या सड़क पर उतरकर जन संघर्ष करना पड़े, भाजपा की जनविरोधी नीतियों का डटकर मुकाबला किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं के बीच संवाद के दौरान राजेश कुमार सिद्धार्थ ने भाजपा की नीतियों के कारण किसानों की बदहाली, फसलों के उचित दाम न मिलने, बिजली दरों में बढ़ोतरी, खाद व बीज की किल्लत तथा बेरोजगारी की गंभीर समस्या को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर कांग्रेस पार्टी ही वास्तविक लड़ाई लड़ रही है और जनता के हितों के लिए हमेशा संघर्षरत रहेगी।
सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी एक स्वर में कहा कि वे कांग्रेस पार्टी और किसान कांग्रेस के नेतृत्व में जनता की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे क्षेत्र में कांग्रेस की नीतियों और योजनाओं को लोगों तक पहुँचाएंगे और आने वाले समय में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए पूरा जोर लगाएंगे।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने अंत में सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि आपकी मेहनत ही बदलाव का आधार बनेगी। भाजपा सरकार का अहंकार जनता के सहयोग और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत से टूटेगा और क्षेत्र में न्याय, समानता तथा विकास की नई इबारत लिखी जाएगी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: