कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत सरकार पर सिख नेता की हत्या का आरोप लगाया है। ट्रूडो ने सोमवार को कनाडाई संसद में कहा कि भारत सरकार के एजेंट्स ने जून में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में सिख समुदाय के एक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की थी।
ट्रूडो ने ये भी कहा कि 9-10 सितंबर को भारत में हुई G20 बैठक के दौरान उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने बताया कि कनाडाई सरकार को जो खुफिया जानकारी मिली है, उसके आधार पर वे ऐसा आरोप लगा रहे हैं।
वहीं, कनाडा की विदेश मंत्री मेलनी जॉली ने जानकारी दी कि कनाडाई सरकार ने एक भारतीय डिप्लोमैट को देश निकाला दिया है, जो कि कनाडा में भारतीय इंटेलिजेंस के प्रमुख थे। हालांकि जॉली ने इस डिप्लोमैट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।

18 जून को कनाडा में भारत के मोस्ट वांटेड खालिस्तानी आतंकी हरदीप निज्जर की हत्या कर दी गई थी।
ट्रूडो बोले- जांच में सहयोग के लिए भारत पर दवाब बनाएंगे
ट्रूडो ने सांसदों से कहा कि कनाडा की धरती पर किसी कनाडाई नागरिक की हत्या करवाने में किसी विदेशी सरकार का शामिल होना, हमारे देश की संप्रभुता का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि वे इस हत्या की जांच में सहयोग देने के लिए भारत सरकार पर दवाब बनाएंगे।
प्रधानमंत्री ट्रूडो ने कहा कि कनाडा में रहने वाली भारतीय मूल के सिखों की बड़ी आबादी इस हत्या को लेकर गुस्से से भरी है। कई सिख अपनी सुरक्षा को लेकर डर में हैं। देश में 14 से 18 लाख के बीच भारतीय मूल के नागरिक हैं, जिनमें से कई सिख हैं। कनाडा की विपक्षी पार्टी न्यू डेमोक्रटिक पार्टी के लीडर जगमित सिंह सिख समुदाय से हैं।
इस आरोप से भारत-कनाडा के रिश्तों और बिगड़ने का डर
कनाडा और भारत के रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण हैं। कनाडाई पीएम के इस आरोप से दोनों देशों के बीच संबंध और खराब होने की आशंका है। इस महीने की शुरुआत में ही कनाडा ने भारत के साथ ट्रेड डील को लेकर बातचीत रोक दी थी। वहीं, G20 के दौरान पीएम मोदी ने जस्टिन ट्रूडो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने से इनकार कर दिया था।

9 सितंबर को G20 समिट के दौरान भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर में कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो का स्वागत करते भारतीय पीएम मोदी।
ब्रिटिश कोलंबिया के गुरुद्वारे के पास की गई थी निज्जर की हत्या
खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर आतंकी संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) का चीफ था। वह कनाडा में रहकर लंबे समय से पंजाब में खालिस्तानी मूवमेंट को हवा दे रहा था। 18 जून को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरी स्थित गुरुनानक सिख गुरुद्वारा के पास 2 अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर निज्जर की हत्या कर दी थी। निज्जर इस गुरुद्वारे का प्रधान भी था।
निज्जर गुरुद्वारे से बाहर पार्किंग में अपनी कार में था। इसी दौरान 2 युवक मोटरसाइकिल पर आए और फायरिंग शुरू कर दी। निज्जर को कार से बाहर निकलने तक का समय नहीं मिला और वहीं उसकी मौत हो गई।
हरदीप सिंह निज्जर, खालिस्तान टाइगर फोर्स का कमांडर, उम्र- 45 साल, इनाम- 10 लाख। NIA की भगोड़ों की लिस्ट में शामिल निज्जर की 18 जून को रात 8.30 बजे कनाडा में हत्या कर दी गई। सरे शहर में एक गुरुद्वारे के बाहर बाइक से आए दो लोगों ने उसे गोली मार दी। 6 मई को इसी तरह पाकिस्तान में खालिस्तान समर्थक परमजीत सिंह पंजवड़ को गोली मारी गई थी।
दोनों की हत्या क्यों की गई, इसकी जांच चल रही है, लेकिन निज्जर के मामले पर नजर रख रही खुफिया एजेंसियों को शक है कि खालिस्तान समर्थक संगठन आपस में भिड़ रहे हैं। ये हत्याएं इसी का नतीजा है। कनाडा में खालिस्तानियों ने हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की:खालिस्तानी नेता हरदीप निज्जर के पोस्टर लगाए; PM मोदी ने 2015 में यहीं पूजा की थी

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तानियों ने 12 अगस्त देर रात एक लक्ष्मी नारायरण मंदिर में तोड़फोड़ की और उसके मुख्य दरवाजे पर अपने पोस्टर चिपकाए। इस मंदिर में अप्रैल 2015 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रार्थना की थी।
पोस्टर पर खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की तस्वीर भी लगी है। पोस्टर के जरिए कनाडा से निज्जर की हत्या में भारत की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई है। निज्जर पर सरकार ने 10 लाख का इनाम भी रखा था।
खालिस्तानियों के टारगेट पर भारतीय डिप्लोमैट्स: निज्जर की हत्या से बौखलाए; 'किल इंडिया' पोस्टर जारी
कनाडा में भारत के मोस्ट वांटेड खालिस्तानी आतंकी हरदीप निज्जर की हत्या के बाद खालिस्तानी समर्थक बौखला गए हैं। खालिस्तानी समर्थकों ने कनाडा, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में जगह-जगह किल इंडिया नाम से पोस्टर चस्पा करने शुरू कर दिए हैं।
इन्हें सोशल मीडिया पर भी वायरल किया जा रहा है। इस पोस्टर में जहां 8 जुलाई को 'फ्रीडम रैली' की जानकारी दी गई, वहीं निज्जर की हत्या के लिए दूतावास अधिकारियों को । जिम्मेदार बताया गया है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: