महमूदाबाद (सीतापुर)।
एक ओर प्रशासन सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर सख्ती का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर दि किसान सहकारी चीनीमिल महमूदाबाद के लिए गन्ना ढुलाई में लगे दर्जनों ट्रैक्टर–ट्रॉलियां खुलेआम नियमों को ठेंगा दिखा रही हैं। हैरानी की बात यह है कि इन ट्रैक्टर–ट्रॉलियों पर न तो रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित है और न ही अनिवार्य रेडियम टेप, फिर भी ये वाहन दिन-रात सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं।
ओवरलोडिंग भी आम, हादसों का बढ़ता खतरा
सूत्रों के अनुसार, गन्ना क्रय केंद्रों से चीनीमिल तक लाए जा रहे इन ट्रैक्टर–ट्रॉलियों में क्षमता से कहीं अधिक गन्ना लादा जा रहा है। ओवरलोड गाड़ियों के कारण न केवल सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, बल्कि हर समय बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहती है। रात के समय बिना रेडियम और बिना नंबर की ट्रॉलियां सड़क पर चलती मौत बनकर दौड़ती नजर आती हैं।
दस्तावेजों की जांच का दावा, हकीकत कुछ और
चीनीमिल प्रशासन का दावा है कि गन्ना ढुलाई में लगाए गए सभी वाहनों के समस्त दस्तावेजों की जांच के बाद ही उन्हें कार्य में लगाया जाता है। लेकिन जमीनी हकीकत इस दावे की पोल खोलती दिख रही है। सवाल यह है कि यदि दस्तावेजों की विधिवत जांच होती है तो फिर इतने वाहनों पर रजिस्ट्रेशन नंबर क्यों नहीं हैं?
रेडियम टेप क्यों नदारद है?
और ओवरलोडिंग पर आंखें क्यों मूंदी जा रही हैं?
प्रशासनिक चुप्पी पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मुद्दे की शिकायतें पहले भी की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक न तो परिवहन विभाग ने ठोस कार्रवाई की और न ही चीनीमिल प्रशासन ने व्यवस्था दुरुस्त की। इससे यह आशंका भी गहराने लगी है कि कहीं यह सब मिलीभगत और लापरवाही का नतीजा तो नहीं।
जनहित से जुड़ा गंभीर मामला
यह मामला केवल नियम उल्लंघन तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा, आम नागरिकों की जान और प्रशासनिक जवाबदेही से सीधा जुड़ा है। यदि समय रहते इन बिना नंबर और ओवरलोड ट्रैक्टर–ट्रॉलियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी कौन लेगा—यह बड़ा सवाल बनकर खड़ा है।
अब देखना यह है कि परिवहन विभाग, पुलिस प्रशासन और चीनीमिल प्रबंधन इस गंभीर मुद्दे पर कब तक आंखें मूंदे रहते हैं या फिर जनहित में कोई ठोस कदम उठाया जाता है।
( सुधीर वर्मा)
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: