मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने पिछले एक हफ्ते से विभागों के बंटवारे को लेकर चल रहे सस्पेंस पर से पर्दा उठा दिया है। सिद्दरमैया के मंत्रिमंडल के लिए विभागों के आवंटन की अधिसूचना जारी कर दी गई है। सीएम सिद्दरमैया ने अपने पास वित्त की जिम्मेदारी रखी है। वहीं, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को सिंचाई विभाग और बेंगलुरु शहर के विकास की जिम्मेदारी मिली है। समाचार एजेंसी एएनआई ने यह जानकारी दी है।
सीएम सिद्दरमैया ने वित्त सहित कई विभागों को अपने पास रखा
मालूम हो कि कर्नाटक चुनाव अभियान के दौरान कांग्रेस द्वारा की गई गारंटियों को पूरा करने के लिए बजट तैयार करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने वित्त मंत्रालय को अपने पास ही रखा है। हालांकि, कैबिनेट मामलों, कार्मिक और प्रशासनिक सुधार विभाग, खुफिया, सूचना और बुनियादी ढांचा विकास जैसे विभाग भी सिद्दरमैया के पास होंगे
मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक को भी मिली जिम्मेदारी
सिद्दरमैया सरकार में मंत्री एच.के. पाटिल के पास कानून और संसदीय मामले, विधान, पर्यटन और दिनेश गुंडु राव के पास स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, कृष्णा बायरेगौड़ा के पास राजस्व (मुजरई को छोड़कर) रहेगा। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे को ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मालूम हो कि सिद्दरमैया कैबिनट में कई नए चेहरों को भी शामिल किया गया है।
सिद्दरमैया कैबिनेट की संख्या हुई 34
राज्य में बंपर जीत दर्ज कर सत्ता में पहुंची कांग्रेस पार्टी की ओर से 20 मई को कुल 10 मंत्रियों ने शपथ ली थी, जिसमें सिद्दरमैया ने मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्य में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में 24 और मंत्रियों ने शपथ ली, जिसके बाद राज्य में कैबिनेट की संख्या बढ़कर 34 हो गई है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: