Mann Ki Baat Live: 'मन की बात' में बोले पीएम मोदी- वैश्विक महामारी के समय में भी देश में बढ़ी स्टार्टअप की संख्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में स्टार्टअप की संख्या लगातार बढ़ रही है। खास बात यह है कि वैश्विक महामारी के समय में भी देश में स्टार्टअप की संख्या बढ़ी है। देश में यूनिकॉर्न की संख्या 100 के पार जा चुकी है। मुझे इस बात का गर्व है कि भारत में बहुत से ऐसे मेंटर्स हैं, जिन्होंने स्टार्ट अप को आगे बढ़ाने के लिए खुद को समर्पित कर दिया है। वहीं, भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज उज्जैन दौरे पर जाएंगे। राष्ट्रपति कोविंद यहां महाकालेश्वर के दर्शन करेंगे। इसके अलावा भारत और बांग्लादेश के बीच रेल यातायात एक बार फिर से हो गया है। कोविड -19 महामारी के कारण पिछले करीब दो सालों से ज्यादा वक्त से दोनों देशों के बीच ट्रेन सेवाएं बाधित थीं। भारत में पिछले 24 घंटों में Covid-19 के 2,828 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 2,035 ठीक हुए और 14 मौतें हुईं है।
-
जेपी नड्डा ने की मन की बात कार्यक्रम की तारीफ

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम की जो रोचक बात है वो ये है कि देश के प्रधानमंत्री जो राजनीतिक में उच्च स्थान पर बैठै हैं, उन्होंने मन की बात के 89 संस्करण होने के बावजूद आज तक इस कार्यक्रम में रानजीति की बात नहीं की है, ये इस कार्यक्रम की विशेषता है।
-
11:49 AM, 29 May 2022
पीएम मोदी ने किया अपनी जापान यात्रा का जिक्र
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कहा कि जापान की अपनी हाल की यात्रा के दौरान, मैं जापान के कुछ अद्भुत व्यक्तियों से मिला, जिन्हें भारत से अपार प्रेम है। उनमें से एक कला निर्देशक हिरोशी कोइके जी हैं, जिन्होंने महाभारत प्रोजेक्ट का निर्देशन किया था, जिसे भारत, कंबोडिया और इंडोनेशिया सहित 9 देशों में प्रदर्शित किया गया है।
-
11:46 AM, 29 May 2022
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सुना मन की बात कार्यक्रम

शिमला में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और गुरुग्राम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम मन की बात को सुना।
-
11:44 AM, 29 May 2022
पूर्व सीएम ने देवेंद्र फडणवीस सुना मन की बात कार्यक्रम
महाराष्ट्र के नागपुर में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कई नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम मन की बात कार्यक्रम को सुना।
-
11:42 AM, 29 May 2022
PM मोदी ने उत्तराखंड की कल्पना का किया जिक्र
PM मोदी ने उत्तराखंड के जोशीमठ की रहने वाली कल्पना का जिक्र किया। पीएम ने कहा कि कल्पना ने हाल ही में कर्नाटक में अपनी 10वीं की परीक्षा पास की है, लेकिन उनकी सफलता की खास बात ये है कि उन्हें कुछ समय पहले तक कन्नड़ा भाषा भी नहीं आती थी, उन्होंने 3 महीने में कन्नड़ा भाषा सीखी और 92 नंबर भी लेकर आई। कल्पना उत्तराखंड के जोशीमठ की रहने वाली है, वे पहले टीबी से पीड़ित रही और तीसरी कक्षा में उनकी आंखों की रोशनी भी चली गई। कल्पना बाद में मैसूर की रहने वाली प्रोफेसर तारामूर्ति के संपर्क में आई जिन्होंने उनकी मदद की।
-
11:40 AM, 29 May 2022
नेपाल में तारा एयर का विमान लापता
नेपाल में तारा एयर के एक विमान का संपर्क टूट गया है। विमान ने रविवार सुबह उड़ान भरी थी। एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक, तारा एयर के डबल इंजन विमान ने आज सुबह पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरी थी। आखिरी बार विमान से सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर संपर्क हुआ था।अधिकारियों ने बताया कि विमान में 22 यात्री सवार हैं।
-
11:34 AM, 29 May 2022
मन की बात में बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन बाद ही 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया जाता है। पर्यावरण को लेकर हमें अपने आस-पास के सकारात्मक अभियान चलाने चाहिए और ये निरंतर करने वाला काम है।
-
11:32 AM, 29 May 2022
देश के 75 प्रमुख स्थानों पर होगा ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ का आयोजन
पीएम मोदी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि हमारे देश में इस बार ‘अमृत महोत्सव’ को ध्यान में रखते हुए देश के 75 प्रमुख स्थानों पर भी ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ का आयोजन होगा। इस अवसर पर कई संगठन और देशवासी ने अपने-अपने स्तर पर अपने-अपने क्षेत्र की खास जगहों पर कुछ न कुछ Innovative करने की तैयारी कर रहे हैं। अलग-अलग देशों में Indian missions वहां के local time के मुताबिक सूर्योदय के समय योग कार्यक्रम आयोजित करेंगे। एक देश के बाद दूसरे देश से कार्यक्रम शुरू होगा। पूरब से पश्चिम तक निरंतर यात्रा चलती रहेगी, फिर ऐसे ही, ये, आगे बढ़ता रहेगा।
-
11:30 AM, 29 May 2022
पीएम मोदी ने किया चार धाम यात्रा का जिक्र
मन की बात में पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में चार धाम यात्रा चल रही है, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मैंने देखा है केदारनाथ में तीर्थयात्री कुछ तीर्थयात्रियों द्वारा फैलाए गए कूड़े से दुखी हैं। कुछ तीर्थयात्री भी हैं जो अपनी यात्रा के दौरान अपने प्रवास के आस-पास के क्षेत्रों की सफाई कर रहे हैं।
-
11:27 AM, 29 May 2022
पीएम मोदी ने की चंपा देवी की तारीफ
PM मोदी ने कहा कि देवर गांव की चंपा देवी पिछले 3 साल अपने गांव की महिलाओं को कूड़ा प्रबंधन सीखा रही हैं, उन्होंने कई पेड़ भी लगाए हैं और अपनी मेहनत से एक हरा भरा वन तैयार कर दिया है।
-
11:26 AM, 29 May 2022
पीएम मोदी बोले- अलग-अलग भाषा की विविधता को मजबूत करने के लिए काम कर रहे लोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की अलग-अलग भाषाएं, बोलियां हैं। हमारे देश में ऐसे कई लोग हैं जो हमारे देश में इस भाषा विविधता को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। उदाहरण के लिए, पश्चिम बंगाल के श्रीपति टुडू ने संथाली समुदाय के लिए भारत के संविधान का ओल चिकी लिपि में अनुवाद किया है।
-
11:23 AM, 29 May 2022
पीएम मोदी ने उपहार में मिली डॉल का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिनों पहले मुझे एक ऐसी दिलचस्प और आकर्षक चीज मिली, जिसमें देशवासियों की रचनात्मकता और कल्पना कलात्मक प्रतिभा का रंग भरा है, ये एक उपहार है। जिसे तमिलनाडु के तंजावुर के एक सेल्फ हेल्प ग्रुप ने मुझे भेजा है, इस उपहार में भारतीयता की सुगंध है और मातृ-शक्ति के आशीर्वाद है, मुझ पर उनके स्नेह की भी झलक है। यह एक स्पेशल तंजावुर डोल है, जिसे GI Tag भी मिला हुआ है। मैं तंजावुर सेल्फ हेल्प ग्रुप को विशेष धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मुझे स्थानीय संस्कृति में रचे-बसे इस उपहार को भेजा है। तंजावुर डोल महिला सशक्तिकरण की नई गाथा भी लिख रही हैं। इस पहल से 22 स्वयं सहायता समूह जुड़े हैं।
-
11:19 AM, 29 May 2022
मन की बात कार्यक्रम में बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के दौरान कहा कि देश की इस सफलता के पीछे, देश की युवा-शक्ति, देश का टेलेंट और सरकार, सभी मिलकर के प्रयास कर रहे हैं, हर किसी का योगदान है, लेकिन, इसमें एक और बात महत्वपूर्ण है, वो है, Start-Up World में right mentoring, यानी, सही मार्गदर्शन। उन्होंने आगे कहा कि हमारे देश में कई सारी भाषा, लिपियां और बोलियों का समृद्ध खजाना है। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग पहनावा, खानपान और संस्कृति ये हमारी पहचान है।
-
11:15 AM, 29 May 2022
भारत में जिसके पास अच्छा आइडिया है वो धन बना सकता है- पीएम
PM मोदी ने कहा कि आज भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम सिर्फ बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं है, छोट-छोटे शहरों और कस्बों से भी उद्यमी सामने आ रहे हैं। इससे पता चलता है कि भारत में जिसके पास अच्छा आइडिया है वो धन बना सकता है।
-
11:14 AM, 29 May 2022
स्टार्टअप को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती है सही सलाह- पीएम
मन की बात के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आने वाले भविष्य में हम स्टार्टअप्स को भारत में नई ऊंचाइयों पर पहुंचते हुए देखेंगे। सही सलाह एक स्टार्टअप को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती है। भारत में कई ऐसे गुरु हैं जो देश में स्टार्टअप की मदद के लिए प्रतिबद्ध हैं।
-
11:10 AM, 29 May 2022
'मन की बात' में बोले पीएम मोदी

मन की बात के दौरान PM मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले देश ने ऐसी उपलब्धि हासिल की है जो हम सभी को प्रेरणा देती है, भारत के सामर्थ्य के प्रति हम सभी का विश्वास जगाती है। इस महीने 5 तारीख को देश में यूनिकार्न की संख्या 100 तक पहुंच गई है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि हमारे कुल यूनिकार्न में से 44 पिछले साल बने थे। इतना ही नहीं इस वर्ष के 3-4 महीने में ही 14 और नए यूनिकार्न बन गए। इस मतलब वैश्विक महामारी के दौर में भी हमारे स्टार्ट अप धन और महत्व का सृजन करने में सफल रहे हैं।
-
11:05 AM, 29 May 2022
'मन की बात' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
-
10:54 AM, 29 May 2022
सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान
उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। सीएम योगी ने कहा कि तमाम मिथकों को तमाम षड्यंत्रों को धूल धूसरित करते हुए भाजपा ने उत्तर प्रदेश में अपना कार्यकाल पूरा करके दोबारा सरकार बनाई है। उत्तर प्रदेश में किसी सरकार द्वारा अपना कार्यकाल कुशलतापूर्वक पूर्ण करके फिर से सरकार बनाने का अवसर 37 वर्ष बाद आया है।
-
10:41 AM, 29 May 2022
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को अस्पताल से मिली छुट्टी
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को मुंबई के लीलावती अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बता दें कि शुक्रवार 27 मई को एंजियोप्लास्टी के लिए मुंबई के लीलावती अस्पताल और अनुसंधान केंद्र में केंद्रीय मंत्री को भर्ती कराया गया था।
-
10:37 AM, 29 May 2022
कठुआ जिले में मार गिराया गया ड्रोन

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि कठुआ जिले के राजबाग थाना क्षेत्र के तल्ली हरिया चक में सीमा की ओर से आ रहे ड्रोन को मार गिराया गया है। ड्रोन के साथ एक पेलोड अटैचमेंट है, जिसकी जांच बम निरोधक विशेषज्ञ की टीम कर रही है।
-
10:27 AM, 29 May 2022
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक जारी
अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश के दूसरे भाजपा नेता भी मौजूद रहे।
-
10:19 AM, 29 May 2022
आजमगढ़ में एक लकड़ी के गोदाम में लगी आग
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक लकड़ी के गोदाम में भीषण आग लग गई है। फिलहाल दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद है। आग पर काबू पाने की कोशिश की जारी है।
-
10:16 AM, 29 May 2022
सीएम योगी बोले- उन्होंने सदैव गांव के विकास पर जोर दिया
सीएम योगी ने पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आज भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर मैं प्रदेश वासियों की तरफ से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने सदैव गांव के विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और अन्नदाता किसानों की भूमिका को इससे जोड़ने का काम किया।
-
10:08 AM, 29 May 2022
सीएम योगी ने पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह को दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
-
09:52 AM, 29 May 2022
लांस नायक बप्पादित्य खुटिया को कोलकाता में दी गई अंतिम श्रद्धांजलि
27 मई को लद्दाख के तुरतुक में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले लांस नायक बप्पादित्य खुटिया को कोलकाता में अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव पश्चिम मेदिनीपुर ले जाया जाएगा। बता दें कि हादसे में सेना के 7 जवानों की जान चली गई थी।
-
09:43 AM, 29 May 2022
कानपुर मेयर प्रमिला पांडे ने किया बंद पड़े मंदिरों का निरीक्षण
कानपुर मेयर प्रमिला पांडे ने पुलिस के साथ शहर के बंद पड़े मंदिरों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिरों की ज़मीन पर कब्जा करने वालों से बात भी की। उन्होंने बताया बेकनगंज, चमनगंज हर जगह मंदिरों की जो स्थिति है इससे मन बहुत दुखी है, इसके लिए हम निश्चित तौर पर कुछ करेंगे।
-
09:39 AM, 29 May 2022
पूर्व सीएम पलानीस्वामी ने DMK सरकार पर साधा निशाना
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता के. पलानीस्वामी ने डीएमके सरकार को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की राजधानी "20 दिनों में 18 हत्याओं के साथ एक मर्डर सिटी में बदल रही है। हालांकि, ग्रेटर चेन्नई शहर के पुलिस आयुक्त, शंकर जिवाल ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि शहर में केवल 10 हत्याएं हुईं और उनमें से चार व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण और छह पारिवारिक विवादों के कारण हुईं।
-
09:14 AM, 29 May 2022
देश में 24 घंटे में मिले Covid-19 के 2,828 नए केस
भारत में पिछले 24 घंटों में Covid-19 के 2,828 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 2,035 ठीक हुए और 14 मौतें हुईं है। देश में कुल सक्रिय मामले 17,087 हैं। दैनिक सकारात्मकता दर 0.60% है।
-
09:11 AM, 29 May 2022
सीएम योगी ने बहराइच हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बहराइच में सड़क दुर्घटना से हुई जनहानि पर गहरा शोक प्रकट किया है। उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि सीएम योगी ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
-
08:55 AM, 29 May 2022
भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा के खिलाफ महाराष्ट्र में FIR
एक टेलीविजन शो के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान को लेकर भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा अब घिरती दिख रहीं हैं। प्रवक्ता की टिप्पणी को लेकर महाराष्ट्र में भारतीय सुन्नी मुसलमानों के सुन्नी बरेलवी संगठन रजा अकादमी द्वारा एक एफआइआर दर्ज कराई गई है। एक राष्ट्रीय चैनल पर पैगंबर पर उनकी कथित टिप्पणी के बाद धारा 295ए, 153ए और 505बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
-
08:51 AM, 29 May 2022
भारत और बांग्लादेश के बीच रेल यातायात फिर शुरू हुआ
COVID-19 महामारी के कारण 2 साल से अधिक समय के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच यात्री ट्रेन सेवाएं आज से शुरु हो गई हैं। कोलकाता-ढाका-कोलकाता मैत्री एक्सप्रेस और कोलकाता-खुलना-कोलकाता बंधन एक्सप्रेस फिर से शुरू हो गई हैं। पीआरओ और सहायक वाणिज्य प्रबंधक एचएन गंगोपाध्याय ने बताया कि यात्री मुख्य रूप से पर्यटन, चिकित्सा और खरीद उद्देश्यों के लिए बांग्लादेश से आते हैं। बंधन एक्सप्रेस में पहले दिन सिर्फ 19 यात्री थे, मैत्री एक्सप्रेस पर करीब 100 यात्री सवार हैं।
-
08:44 AM, 29 May 2022
बहराइच में दर्दनाक सड़क हादसा
उत्तर प्रदेश के बहराइच के मोतीपुर इलाके में एक टेम्पो ट्रैवलर और ट्रक की टक्कर होने से 5 लोगों की मृत्यु हो गई और लगभग 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
-
08:26 AM, 29 May 2022
ब्रिटिश प्रधानमंत्री से यूक्रेन के राष्ट्रपति ने की फोन पर बातचीत
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडोमिर जेलेंस्की ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों के बीच डिफेंस सपोर्ट को मजबूत करने और सुरक्षा गारंटी पर काम तेज करने को लेकर चर्चा हुई।
-
08:16 AM, 29 May 2022
13 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार
मुंबई के दिंडोशी थाना क्षेत्र में 13 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आईपीसी 354 और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
-
08:12 AM, 29 May 2022
राज्यसभा चुनाव पर बोले झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अभी तक फैसला मेरी जानकारी में नहीं है परन्तु हम कह सकते हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और झारखंड CM के बीच सकारात्मक बातचीत हुई। हम समझते हैं कि आज ही सूची आ जाएगी, कांग्रेस के संदर्भ में बातचीत हुई है। कांग्रेस का उम्मीदवार होगा।
-
08:09 AM, 29 May 2022
कई राज्यों में तेज हवा के साथ हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के तहत अगले 5 दिनों तक कई राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश व बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की है। पंजाब, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग गरज के साथ छिटपुट या मध्यम वर्षा या तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की संभावना है। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।
-
08:00 AM, 29 May 2022
मिजोरम में कोरोना से 15 लोग ठीक हुए
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना से 15 लोग ठीक हुए। रिकवरी रेट 99.63% है। राज्य में अब कुल एक्टिव मामले 145 है।
-
07:55 AM, 29 May 2022
केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधरन ने केरल सरकार पर बोला हमला
केंद्रीय राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राज्य में आतंकवादी गतिविधियों और समूहों की मदद करने में तुली है। केरल के अलाप्पुझा में पापुलर फ्रंट आफ इंडिया (पीएफआइ) की नारेबाजी पर बोलते हुए वी मुरलीधरन ने कहा, "इसमें कार्रवाई करने में बहुत देरी हो रही है। लेकिन मैं सराहना करता हूं कि उन्हें हिरासत में लिया गया था।
-
07:39 AM, 29 May 2022
आज से दो ट्रेनों का होगा संचालन
भारत और बांग्लादेश के बीच रेल यातायात एक बार फिर आज से शुरू होने जा रहा है। पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एकलव्य चक्रवर्ती द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, भारत और बांग्लादेश दोनों देशों के यात्रियों की सुविधा के लिए कोलकाता-ढाका-कोलकाता मैत्री एक्सप्रेस और कोलकाता-खुलना-कोलकाता बंधन एक्सप्रेस का संचालन 29 मई से फिर से शुरू किया जाएगा।
-
07:33 AM, 29 May 2022
महिलाओं ने 'रन फार शक्ति' नाइट मैराथन में हिस्सा लिया
यूपी के मुरादाबाद में महिलाओं ने रन फार शक्ति नाइट मैराथन में हिस्सा लिया। मैराथन का आयोजन जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से किया गया।
-
07:29 AM, 29 May 2022
कांग्रेस को झारखंड से मिल सकती है राज्यसभा की सीट
सूत्रों की मानें तो झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन से कांग्रेस को राज्यसभा सीट मिलने की संभावना है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: