आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए खिलौने एकत्र करने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को हाथ ठेला लेकर भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र से सामग्री एकत्रीकरण के अभियान का शुभारंभ करेंगे। उधर, महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी जिलों के कलेक्टरों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जनसहभागिता से खिलौना, पुस्तक एवं अन्य सामग्री एकत्र की जाए। पत्र में कहा गया है कि सुपोषित मध्य प्रदेश के सपने को साकार करने के प्रयासों को जन आंदोलन का रूप दिया जाए।आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में सामूहिक सहभागिता बढ़ाई जाए। मुख्यमंत्री की मंशा है कि प्रदेश के सभी उद्योगपतियों, स्वैच्छिक संगठनों महिला स्व सहायता समूह, अंत्योदय समिति, नेहरू युवा केंद्र, कल्याणकारी संगठन, लायंस क्लब, रोटरी क्लब,को प्रेरित कर आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में बदलाव लाया जाए। अभियान की रूपरेखा पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री ने सोमवार को मंत्रालय में बैठक बुलाई। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
जन-सहयोग आवश्यक
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एडाप्ट एन आंगनबाड़ी अभियान संचालित है। इस अभियान को गति प्रदान करने के लिए वे स्वयं हाथ ठेला लेकर जनता से आहवान करेंगे कि आंगनबाड़ी बधाों के लिए खिलौने एवं स्टेशनरी प्रदान करें। यदि स्वैच्छिक सहयोग मिलता है तो इन केंद्रों की उपयोगिता बढ़ जाएगी। उधर, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि अशोका गार्डन क्षेत्र में विवेकानंद चौराहे से मनसा देवी मंदिर तक करीब एक किलामीटर क्षेत्र में पैदल चलते हुए आंगनबाड़ियों के लिए खिलौने और अन्य आवश्यक सामग्री जन-सहयोग से प्राप्त की जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान के साथ जन-प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: