Election झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी होगी। इसी के साथ नामांकन शुरू हो जाएगा। नामांकन प्रपत्र दाखिल करने की अंतिम समय सीमा 31 मई निर्धारित की गई है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार एक जून को उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा तीन जून तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। 10 जून को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होगा।राज्यसभा चुनाव 2022 में गिनती के दिन शेष बचे हैं, लेकिन अभी तक झारखंड में किसी भी दल ने अपने प्रत्याशी को लेकर पत्ता नहीं खोला है। हालांकि, कई नामों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। मुख्तार अब्बास नकवी और महेश पोद्दार का कार्यकाल जुलाई में समाप्त होने के चलते भाजपा कोटे से खाली हो रही इन दो सीटों के लिए पक्ष-विपक्ष दोनों की दावेदारी मजबूत दिख रही है। भाजपा की ओर से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का नाम सबसे आगे चल रहा है। वहीं कांग्रेस और झामुमो में रुठने-मनाने का खेल अभी चल रहा है।कांग्रेस जहां राज्यसभा की एक सीट पर अपनी दावेदारी कर रही है। वहीं झामुमो दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। कांग्रेस का तर्क है कि पिछली बार पार्टी ने आत्मसंयम रखते हुए बढ़-चढ़कर झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन का समर्थन किया था। इसलिए झामुमो को गठबंधन की मजबूती के लिए इस बार कांग्रेस को मौका देना चाहिए। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर का नाम उम्मीदवारों में सबसे आगे बताया जा रहा है।
चुनाव आचार संहिता उल्लंघन मामले में विधायक कोंगाड़ी पर एक जून को फैसला
कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी द्वारा चुनाव आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़े मामले में दोनों पक्षों की ओर से बहस पूरी कर ली गई है। एमपी/एमएलए के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी अनामिका किस्कू की अदालत ने बहस पूरी होने के बाद फैसले के लिए एक जून की तिथि निर्धारित की। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में आचार संहिता लागू रहने के दौरान प्रत्याशी नमन विक्सल कोंगाड़ी ने पंपलेट के जरिए डोर डू डोर प्रचार प्रसार किया था।इस मामले को लेकर सहायक अभियंता विजय कुमार अग्रवाल ने सिमडेगा थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से पांच गवाहों को प्रस्तुत किया गया था। जिसमें से दो गवाह सूचक एवं एक अन्य ने अभियोजन का सहयोग किया है। तीन गवाह होस्टाइल (मुकर जाना) हो गए। बता दें कि मामले में गवाही पूरी होने के बाद 19 मई को आरोपित का बयान अदालत ने दर्ज किया था। जिसमें उन्होंने सभी आरोपों से इन्कार किया था।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: