एसपी उत्तरी राजेश गुनावत ने संभाला कार्यभार बुधवार को मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी में निभाई जिम्मेदारी, गुरुवार को पुलिस ऑफिस पहुंचकर विधिवत ग्रहण किया पदभार अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई और तकनीक आधारित पुलिसिंग रहेगी प्राथमिकता गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस के 2021


एसपी उत्तरी राजेश गुनावत ने संभाला कार्यभार


बुधवार को मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी में निभाई जिम्मेदारी, गुरुवार को पुलिस ऑफिस पहुंचकर विधिवत ग्रहण किया पदभार


अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई और तकनीक आधारित पुलिसिंग रहेगी प्राथमिकता


गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस के 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश गुनावत ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पद पर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पुलिस ऑफिस पहुंचने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की तथा नई जिम्मेदारी संभालते हुए उत्तरी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और पुलिसिंग व्यवस्था से संबंधित आवश्यक जानकारी ली। इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी में उन्होंने अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया। वीआईपी ड्यूटी पूरी होने के बाद गुरुवार को पुलिस ऑफिस पहुंचकर उन्होंने एसपी उत्तरी के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसपी उत्तरी ने अधिकारियों से क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, अपराध की स्थिति और थानों की पुलिस व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की बात कही।
राजेश गुनावत इससे पहले प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पुलिस विभाग की जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। मुजफ्फरनगर और फिरोजाबाद में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर सेवाएं देने के दौरान उन्हें पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं पर काम करने का अनुभव मिला। फिरोजाबाद में तैनाती के दौरान साइबर अपराध से जुड़े मामलों में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल, डिजिटल ठगी के मामलों की जांच और लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
गोरखपुर में उनकी नई जिम्मेदारी के तहत उत्तरी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के साथ साइबर अपराध की रोकथाम भी महत्वपूर्ण विषय रहेगा। चोरी, लूट, महिला एवं बाल अपराध, मारपीट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के साथ अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने पर जोर रहेगा। पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और उपलब्ध डिजिटल संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है।
एसपी उत्तरी ने  कहा कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया । क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने और अपराधियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की दिशा में भी पुलिस टीम को सक्रिय रखने की आवश्यकता बताई ।
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल धोखाधड़ी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए तकनीकी संसाधनों का उपयोग महत्वपूर्ण रहेगा। इसके साथ ही आम नागरिकों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने और किसी भी प्रकार की डिजिटल ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर रहेगा।
राजेश गुनावत मूल रूप से राजस्थान के सवाई माधोपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने बीटेक (पेट्रोलियम इंजीनियरिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। पुलिस सेवा में आने के बाद उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। अलग-अलग जनपदों में कार्य करने के दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और तकनीक आधारित पुलिसिंग का अनुभव प्राप्त हुआ है।
गुरुवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसपी उत्तरी ने पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया। आने वाले दिनों में उत्तरी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध पर कार्रवाई, जनसुनवाई, कानून-व्यवस्था और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।