???? धान की फसल में कीट-रोग के प्रकोप की शिकायत, बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा ने SDM मानिकपुर को लिखा पत्र
मानिकपुर, चित्रकूट। विकासखंड मानिकपुर के रुकमा बुजुर्ग, मडैयन, ददरी, कैलहा एवं रुकमा खुर्द सहित आसपास के गांवों में धान की फसल में कीट एवं रोग के प्रकोप की शिकायत सामने आने पर बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा ने उपजिलाधिकारी महोदय, मानिकपुर को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मोर्चा ने पत्र के माध्यम से बताया कि क्षेत्र में धान के पौधों की पत्तियां सफेद पड़ रही हैं, जिससे किसानों में फसल को लेकर चिंता बढ़ गई है। समय रहते समस्या की पहचान और उपचार नहीं होने पर फसल के उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
मोर्चा ने मांग की है कि कृषि विभाग की टीम को तत्काल प्रभावित गांवों में भेजकर धान की फसल का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। साथ ही रोग एवं कीट की सही पहचान कर प्रभावित किसानों को आवश्यक कीटनाशक/कृषि दवाओं तथा उनके उचित छिड़काव की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष एड. प्रखर पटेल ने कहा कि किसान पूरे वर्ष मेहनत करके फसल तैयार करता है। यदि धान की फसल में किसी बीमारी या कीट का प्रकोप है तो कृषि विभाग को बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर सही कृषि सलाह और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होना जरूरी है।
समाजसेवी मुकेश पटेल ने कहा कि रुकमा बुजुर्ग, मडैयन, ददरी, कैलहा और रुकमा खुर्द सहित आसपास के गांवों के किसान इस समस्या को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने प्रशासन एवं कृषि विभाग से मांग की कि मौके पर टीम भेजकर फसल की जांच कराई जाए और किसानों को बीमारी/कीट के उपचार की सही जानकारी दी जाए, ताकि समय रहते धान की फसल को नुकसान से बचाया जा सके।
बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा ने प्रशासन से किसानों की समस्या का शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: