*राजघाट थाना प्रभारी और पाण्डेयहाता चौकी इंचार्ज ने दृष्टिबाधित छात्राओं से बंधवाई राखी, मिठाई और उपहार देकर निभाया भाई का फर्ज
गोरखपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर राजघाट थाना क्षेत्र स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालिका इंटर कॉलेज, नॉर्मल कैंपस में उस समय भावुक और आत्मीय माहौल बन गया, जब राजघाट थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा और पाण्डेयहाता चौकी इंचार्ज योगेंद्र पांडेय दृष्टिबाधित छात्राओं से राखी बंधवाने पहुंचे।
खाकी वर्दी में पुलिस अधिकारियों को अपने बीच भाई के रूप में पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। जिन कलाईयों पर राखियां बांधी गईं, वे किसी आम भाई की नहीं, बल्कि उस खाकी की कलाई थीं, जिसके नाम से अपराधी और बदमाश भी खौफ खाते हैं। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से राखी बंधवाई, उन्हें मिठाई खिलाई और उपहार भेंट कर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।
यह सिर्फ एक राखी नहीं थी, बल्कि विश्वास, सुरक्षा और अपनत्व के अटूट रिश्ते का प्रतीक थी। राखी बांधते समय इन बहनों ने मानो अपने नए भाइयों से सुरक्षा और हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का वचन लिया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भी उन्हें यह भरोसा दिया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है।
इस पहल ने रक्षाबंधन के पर्व को एक अलग ही मानवीय रंग दे दिया। दृष्टिबाधित छात्राओं के लिए खाकी की कलाई पर राखी बांधना केवल एक पर्व मनाना नहीं, बल्कि सुरक्षा के उस भरोसे को महसूस करना था, जिसकी कीमत किसी भी उपहार से कहीं अधिक है।
रक्षाबंधन पर खाकी और बहनों के बीच बंधा यह रिश्ता संदेश दे गया—राखी का धागा भले ही छोटा हो, लेकिन उसमें सुरक्षा, विश्वास और इंसानियत की ताकत बहुत बड़ी होती है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: