*ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं और सम्मान पर हुई गंभीर चर्चा, प्रतिभा सम्मान समारोह में जुटे पत्रकार*
*पत्रकार वही लिखें जो विश्वसनीय हो, ग्रापए सदस्यों के बीमा की आजीवन किस्त मैं दूंगा : धनंजय सिंह*
*ग्रामीण पत्रकार विषम परिस्थितियों में जनता के बीच रहकर उनकी खबरों को प्रकाशित करता है : महेंद्र नाथ सिंह*
जौनपुर।
स्थानीय पुलिस लाइन सभागार में रविवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, जनपद जौनपुर शाखा का वार्षिक कार्यक्रम एवं प्रतिभा सम्मान समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकारों, संगठन के पदाधिकारियों तथा गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। समारोह में ग्रामीण पत्रकारिता की चुनौतियों, पत्रकारों की समस्याओं, उनकी सुरक्षा एवं सम्मान तथा पत्रकारिता की विश्वसनीयता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर मंथन किया गया। इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार विषम परिस्थितियों में जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं, स्थानीय घटनाओं और जनसरोकार के मुद्दों को सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य करता है। ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधनों और सुविधाओं का अभाव होने के बावजूद पत्रकार अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता लोकतंत्र की जमीनी आवाज है और पत्रकारों के हितों से जुड़े विषयों को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाने की आवश्यकता है।
प्रदेश संरक्षक के.एन. राय ने कहा कि पत्रकारों को अपने कर्तव्य पथ से कभी विमुख नहीं होना चाहिए। पत्रकारिता की विश्वसनीयता सत्य और तथ्य पर आधारित होती है। इसलिए किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले उसके तथ्यों की पूरी तरह पड़ताल करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार को किसी दबाव अथवा प्रभाव में आए बिना निष्पक्ष होकर समाज के सामने वास्तविकता रखने का प्रयास करना चाहिए। समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारी बड़ी है और उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार अनुपम सिंह ने प्रिंट मीडिया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पत्रकारिता से जुड़े अपने अनुभव एवं संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में समाचारों के प्रसार के लिए अनेक माध्यम उपलब्ध हैं, लेकिन प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता और महत्व आज भी कायम है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और पत्रकारिता दोनों का उद्देश्य समाज में व्यवस्था, जागरूकता और जनहित को मजबूत करना है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने ग्रामीण पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि गांव-कस्बों की वास्तविक समस्याओं को समाज और प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकार महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को ऐसी खबर लिखनी चाहिए जिस पर आम जनता विश्वास कर सके। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि कोई भी खबर प्रकाशित करने से पहले उसके तथ्यों और विश्वसनीयता की पूरी तरह जांच अवश्य कर लें।
इस अवसर पर धनंजय सिंह ने ग्रामीण पत्रकारों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन जौनपुर के सदस्यों के बीमा की आजीवन किस्त जमा करने की जिम्मेदारी वह स्वयं उठाएंगे। उनकी इस घोषणा का उपस्थित पत्रकारों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह, प्रदेश संरक्षक के.एन. राय, मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार अनुपम सिंह एवं विधायक जफराबाद जगदीश नारायण राय ने संस्था के संस्थापक बाबू बालेश्वर लाल एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात पिहू खरे ने मनमोहक नृत्य के माध्यम से गणेश वंदना प्रस्तुत कर समारोह का शुभारंभ किया। जिलाध्यक्ष संजय अस्थाना ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों एवं ग्रामीण पत्रकारों से जुड़े विषयों पर प्रकाश डाला।
समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारों को संगठित होकर पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता को बनाए रखने के साथ-साथ पत्रकारों के हितों के लिए भी निरंतर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने ग्रामीण पत्रकारिता को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंडल संरक्षक तारकेश्वर सिंह,मंडल अध्यक्ष विंदेश्वरी सिंह, वाराणसी जिलाध्यक्ष राज कुमार तिवारी पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता, डॉ ब्रजेश यदुवंशी, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमीक जमेई, डॉ. सरफराज खान, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष आरिफ खान, मरकजी सीरत कमेटी के अध्यक्ष ओबैदा आजमी, पूर्व प्रमुख ओम प्रकाश सिंह, शशि श्रीवास्तव ‘गुड्डू भैया’, सेवा भारती अध्यक्ष अनिल गुप्ता, शशांक सिंह ‘रानू’, डॉ. संजय सिंह, डॉ. अभय सिंह एवं डॉ. विवेक श्रीवास्तव सहित अन्य अतिथियों ने पत्रकारिता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में दया शंकर निगम, जय आनंद, श्याम रतन श्रीवास्तव, डॉ. राम सिंगार शुक्ल ‘गदेला’, संपादक रामजी जायसवाल, गुलाब चंद पांडेय, लोलरक दुबे, डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह, शशिराज सिन्हा, प्रमोद जायसवाल, प्रशांत विक्रम सिंह, आर.पी. सिंह, बृजराज चौरसिया, राजेश यादव, अखिलेश यादव, सतीश चंद्र शुक्ल, विनोद यादव एवं वेद प्रकाश विश्वकर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त आशा राम यादव, लक्ष्मी नारायण मौर्या, आशीष पांडेय, अवधेश तिवारी, मेवा यादव, पंकज गुप्ता, सत्येंद्र मिश्रा, संदीप अस्थाना, नीरज अस्थाना, आविष इमाम, तबरेज आलम, दानिश इकबाल, मेहदी हुसैन रिजवी ‘शामिन’, असलम परवेज, राम प्रवेश यादव, गोविंद, सुजीत वर्मा, चंदन जायसवाल, शीतला प्रसाद गुप्त, रतन लाल आर्य, राजेश गुप्ता, कमलेश कुमार, जफर खान, अभिषेक सिंह, मो. आरिफ, मुकेश चन्द मोदनवाल, जितेंद्र दुबे, सत्य नारायण यादव, विनय श्रीवास्तव एवं मो. अब्बास समेत बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन दीपक सिंह ने किया। अंत मे सदर तहसील अध्यक्ष देवेंद्र खरे ने अतिथियों, पत्रकारों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह ने ग्रामीण पत्रकारिता की भूमिका, पत्रकारों के सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन की प्रतिबद्धता को मजबूती प्रदान की।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: