उप जिलाधिकारी सिधौली को सोपा गया ज्ञापन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की उठी मांग
सिधौली, सीतापुर
सिधौली/सीतापुर (विनोद कुमार गौतम)। डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 15 जून 2026 को डॉ. आंबेडकर पार्क बहादुरपुर, सिधौली से राजभवन लखनऊ एवं मुख्यमंत्री आवास तक पदयात्रा निकाली जानी थी।
सिधौली/सीतापुर (विनोद कुमार गौतम)। डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 15 जून 2026 को डॉ. आंबेडकर पार्क बहादुरपुर, सिधौली से राजभवन लखनऊ एवं मुख्यमंत्री आवास तक पदयात्रा निकाली जानी थी। आंदोलन का मुख्य उद्देश्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं की सुरक्षा, अंबेडकर पार्कों की बाउंड्रीवाल निर्माण, बहुजन महापुरुषों के सम्मान तथा विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित करना था।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अंबेडकर पार्कों एवं प्रतिमाओं की सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्था किए जाने की घोषणा के बावजूद क्षेत्र में अभी तक अपेक्षित कार्य नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि बहुजन महापुरुषों के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम की सूचना पर प्रशासन सुबह से ही भारी पुलिस बल के साथ डॉ. आंबेडकर पार्क बहादुरपुर में तैनात रहा। निर्धारित समय पर पहुंचे राजेश कुमार सिद्धार्थ ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यदि जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
इसके बाद हजारों समर्थकों का काफिला आगे बढ़ा। प्रशासन द्वारा उन्हें रोककर वार्ता की गई। उपजिलाधिकारी सिधौली ने आंदोलनकारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की तथा न्यायोचित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उपजिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि ग्राम तेजनापुरवा एवं अहेवा में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। ग्राम पंचायत लहूरिवान में तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा एवं बौद्ध वृक्ष स्थल पर पूजा-अर्चना के संबंध में भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने आराध्य के प्रति आस्था और पूजा-अर्चना का संवैधानिक अधिकार है तथा किसी को भी इसमें बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त अमीना खातून की भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत, दलित उत्पीड़न के मामलों में आर्थिक सहायता तथा अन्य जनसमस्याओं के संबंध में भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। प्रशासन ने अधिकांश बिंदुओं पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई करने की बात कही।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में कार्रवाई नहीं होती है तो 30 जून 2026 को विशाल जनसभा एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनम गौतम ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्षों के कारण आज महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने महिलाओं से बाबा साहेब के विचारों पर चलने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह त्यागी ने कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए संगठित रहने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंसराज भारती एवं प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ मीना भारती ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बहुजन समाज से एकजुट होकर अपने अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विनोद कुमार गौतम (मीडिया प्रभारी), ज्ञानेंद्र कुमार गौतम (जिला मीडिया संयोजक), अनुज कुमार गौतम (जिला अध्यक्ष), अशोक कुमार गौतम, राजेश कुमार गौतम, बाबूलाल, धर्मेंद्र कुमार, नंदलाल गौतम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
अंत में उपजिलाधिकारी सिधौली एवं पुलिस प्रशासन द्वारा ज्ञापन प्राप्त कर सभी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद राजेश कुमार सिद्धार्थ ने मुख्यमंत्री आवास एवं राजभवन तक प्रस्तावित पदयात्रा स्थगित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन का सम्मान करते हुए फिलहाल आंदोलन को स्थगित किया जा रहा है तथा निर्धारित समय में कार्रवाई न होने पर आगे की रणनीति घोषित की जाएगी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
सिधौली, सीतापुर
जौनपुर
सिधौली,
Leave a Comment: