अब तक न्याय/ राकेश त्रिपाठी

महराजगंज, 13 जून 2026:केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विश्वास, विकास और विरासत के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। यह अवधि सुशासन, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के नए युग का प्रतीक बनी है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर लगातार भरोसा जताया है और सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला व वंचित वर्ग के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं धरातल पर उतारी हैं। यही वजह है कि जनता ने लगातार तीसरी बार भी इस नेतृत्व को समर्थन दिया।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि सरकार ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास को समान महत्व दिया है। बाबा साहेब आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, कर्तव्य पथ और नई संसद भवन जैसे कार्य देश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की स्वीकार्यता इसका प्रमाण हैं। वहीं स्वच्छ भारत, आत्मनिर्भर भारत, फिट इंडिया और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियानों ने जनभागीदारी को जनआंदोलन में बदला है।

सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक घर, उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन और स्वनिधि योजना के माध्यम से लाखों रेहड़ी-पटरी वालों को ऋण उपलब्ध कराया गया है। डिजिटल इंडिया के जरिए पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है।

जनपद की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि महराजगंज में सड़क, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। गोरखपुर–सोनौली फोरलेन मार्ग, ठूठीबारी–महराजगंज मार्ग और इंडो-नेपाल बॉर्डर कनेक्टिविटी से क्षेत्र को नई गति मिली है। मेडिकल कॉलेज, आयुष्मान योजना और जल जीवन मिशन से लोगों को बड़ी राहत मिली है।

उन्होंने बताया कि जिले में हजारों लोगों को आवास, लाखों को राशन और बड़ी संख्या में आयुष्मान कार्ड का लाभ मिला है। योजनाओं का पैसा सीधे खातों में पहुंचने से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।

अंत में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं और आने वाले समय में भी विकास की यह गति जारी रहेगी।

प्रेस वार्ता से पूर्व जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल व मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।