बाबा साहब की अस्थि कलश को वर्तमान स्थान से हटाने का विरोध, हजारों लोगों ने लिया संकल्प
लखनऊ, 8 जून। डॉ. अंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता एवं समर्थक डॉ. अंबेडकर महासभा पहुंचे। यहां आयोजित संकल्प सभा में उपस्थित लोगों ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की अस्थि कलश को वर्तमान स्थान से हटाने के किसी भी प्रयास का विरोध करते हुए उसे यथास्थान सुरक्षित बनाए रखने की मांग की।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा एवं अस्थि कलश पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात आयोजित सभा में वक्ताओं ने बाबा साहब से जुड़े स्मारकों, प्रतिमाओं एवं अस्थि कलश के संरक्षण तथा उनके विकास की आवश्यकता पर बल दिया।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर करोड़ों लोगों की आस्था, सम्मान और सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं। उनकी अस्थि कलश और उनसे जुड़े स्मारक समाज की भावनाओं से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने मांग की कि अस्थि कलश को वर्तमान स्थान पर ही सुरक्षित रखा जाए तथा उस स्थल का और अधिक विकास किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां बाबा साहब के विचारों और संघर्षों से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि यदि अस्थि कलश को हटाने का प्रयास किया गया तो बहुजन समाज लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगा। साथ ही राज्य सरकार से इस स्थल को राष्ट्रीय प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग भी की।
सभा में उपस्थित हजारों लोगों ने संकल्प लिया कि बाबा साहब के सम्मान, उनके स्मारकों की सुरक्षा तथा सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा के लिए वे एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: