लखनऊ, गोमती नग


 लखनऊ, गोमती नगर। भारत रत्न, भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं सामाजिक न्याय के महानायक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्मोत्सव को इस वर्ष राजधानी लखनऊ में ऐतिहासिक स्वरूप में मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गोमती नगर स्थित सामाजिक परिवर्तन स्थल पर “प्रकाश महोत्सव” के रूप में भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें 27 लाख मोमबत्तियां जलाकर बाबा साहेब को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
यह जानकारी राजेश कुमार सिद्धार्थ, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ आंबेडकर संवैधानिक महासंघ ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से बाबा साहेब के विचार—समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय—को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत हजारों की संख्या में लोग सामाजिक परिवर्तन स्थल पर एकत्रित होंगे और एक साथ दीप प्रज्वलन कर ऐतिहासिक दृश्य प्रस्तुत करेंगे।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने आगे कहा कि देश के विभिन्न राज्यों, जिलों और गांवों में भी एक ही समय पर मोमबत्तियां जलाकर इस अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर सफल बनाया जाएगा। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ भगवान बुद्ध, छत्रपति साहू जी महाराज तथा बहुजन समाज के अन्य महान महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। आयोजन स्थल पर श्रद्धांजलि सभा, विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिनके माध्यम से समाज में समरसता और जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह प्रकाश महोत्सव अज्ञानता, भेदभाव और असमानता के अंधकार को दूर कर सामाजिक समता की रोशनी फैलाने का कार्य करेगा। युवाओं की भागीदारी इस आयोजन को एक जन आंदोलन का रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिसमें सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्वयंसेवकों की टीमें भी आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई हैं।
अंत में उन्होंने प्रदेश एवं देश के सभी नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक प्रकाश महोत्सव में सहभागी बनें और बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लें।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।