कन्नौज। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में हुई हत्या की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में ले लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार व क्षेत्राधिकारी तिर्वा कुलवीर सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ल की टीम ने शुक्रवार को पट्टी ठठिया स्थित प्राथमिक चिकित्सालय मोड़ के पास से आरोपी को हिरासत में लिया।जानकारी के अनुसार 19 मार्च को बहसार निवासी इसरार ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घायल असर खान की इलाज के दौरान मौत हो जाने पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में हत्या की धारा (103(1) बीएनएस) बढ़ाई गई।
पूछताछ में बाल अपचारी ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उसने घटना को अंजाम दिया। 18 मार्च को वह असर को बहाने से सिमरा बाबा के पास सरसों के खेत में ले गया, जहां उसके हाथ बांधकर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने अपने कपड़े धोकर झाड़ियों में छिपा दिए थे।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सना कुर्ता-पायजामा और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। मामले में धारा 238 बीएनएस व 4/25 आर्म्स एक्ट की भी बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ल, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश, कांस्टेबल रामकुमार गौतम और राजीव कुमार की अहम भूमिका रही।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: