सरवन नगर वेयरहाउस में भीषण आग, दमकल की तत्परता से टली बड़ी घटना
सरवन नगर, बिजनौर रोड स्थित एक वेयरहाउस के बेसमेंट में बुधवार रात आग लग गई। फायर स्टेशन सरोजनी नगर को रात करीब 21:12 बजे आग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी लखनऊ अंकुश मित्तल के निर्देश पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि वेयरहाउस के बेसमेंट में आग लगी हुई थी और तेज लपटों के साथ घना धुआं फैल रहा था। दमकल कर्मियों ने तत्काल भवन की खिड़की-दरवाजे खुलवाकर वेंटिलेशन कराया और होज पाइप की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन पीजीआई व चौक फायर स्टेशन से भी मंगाए गए। दमकल कर्मियों के कड़े परिश्रम से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिसके बाद अतिरिक्त यूनिटों को वापस कर दिया गया।
आग की चपेट में आकर बेसमेंट में खड़ी एक कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं वहां रखी रजनीगंधा, आईटीसी और कोको कोला सहित अन्य सामग्री जल गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: