जनपद सीतापुर की तहसील महमूदाबाद क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।


ग्राम सिरकोहिया मजरे भरथर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती XUV 300 कार अचानक आग का गोला बन गई। कार से उठती तेज लपटें और धुएं का गुबार देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर बहादुर सिंह पुत्र राजकुमार सिंह, निवासी अरसेना मजरे भरथर पोस्ट बलोइया, थाना व तहसील महमूदाबाद, शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे XUV 300 (नंबर UP32 MW 5812) से अपने घर से खेत देखने जा रहे थे। जैसे ही वह खेत की मेढ़ के पास पहुंचे, अचानक कार के इंजन के अगले हिस्से यानी बोनट से धुआं निकलने लगा। चालक ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए तत्काल गाड़ी रोक दी और अपने साथियों सहित बाहर निकल आया।

कुछ ही क्षणों में धुआं तेज लपटों में बदल गया और देखते-ही-देखते कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। आग की ऊंची लपटें देखकर गांव के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक XUV 300 कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

राहत की बात यह रही कि इस भीषण आगजनी की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। चालक व उसके साथी समय रहते गाड़ी से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और चालक में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर वाहन चालकों को सतर्क रहने और चलते वाहन में किसी भी असामान्य संकेत को नजरअंदाज न करने की सीख दी है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।