हंसराज वर्मा तहसील रिपोर्टर महमूदाबाद सीतापुर
सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत छतौनी के राजापुर गांव में ग्रामीणों ने एक कंपनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम बेला में स्थित यह कंपनी बॉयलर से अत्यधिक शोर करती है, गोबरहिया नदी में दूषित पानी छोड़ती है और आसपास की फसलों को नुकसान पहुंचा रही है। इस कंपनी का निर्माण कार्य लगभग 18 महीने पहले शुरू हुआ था लेकिन इसका संचालन दो महीने पहले ही शुरू हुआ है, इसमें एल्कोहल बनता है।
राजापुर गांव के प्राथमिक विद्यालय में लगभग 50 बच्चे पढ़ते हैं। अध्यापकों ने बताया कि कंपनी के शोर के कारण बच्चों को पढ़ाना और उन्हें समझाना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी द्वारा गंदा पानी पास की गोबरहिया नदी में छोड़ा जा रहा है। यह नदी पहले पशुओं को पानी पिलाने और नहलाने के लिए उपयोग होती थी, लेकिन अब पानी दूषित होने से आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
इसके अतिरिक्त, कंपनी से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थ उड़कर पास के खेतों में पहुंच रहे हैं, गांव में पहुंच रहे हैं, जिससे आस पास का वातावरण भी दूषित हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, यह अपशिष्ट फसलों के लिए हानिकारक है और उन्हें खराब कर रहा है।
ग्रामीणों की मुख्य शिकायत कंपनी में लगे बॉयलर से निकलने वाले तेज शोर को लेकर है। उनका कहना है कि इस शोर के कारण स्थानीय निवासियों को आपस में बातचीत करने और रात में सोने में परेशानी हो रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि कंपनी की गतिविधियों में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें बहरेपन, फसलों के नष्ट होने और जीव-जंतुओं को पानी पीने या नहलाने में परेशानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सतीश बाजपेई, ललित मिश्रा, राजू शुक्ला, शिवम मिश्रा, सुरेन्द्र शुक्ला, बलराम शुक्ला, स्वयंवर शुक्ला, सिहाते शुक्ला, उन्नी शुक्ला, देशराज शुक्ला और रोहित मिश्रा सहित कई ग्रामीणों ने उचित कार्रवाई की मांग की है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: