भूत आया भूत आया…’ एक शख्स को देखकर गांववाले चिल्ला उठे. इस पर उन्हें लगा कि गांववाले शायद मजाक कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अरे भाई मैं तो जिंदा हूं. ऐसा मजाक अच्छा नहीं है. लेकिन गांववालों ने जब इसकी वजह बताई तो वो हैरान रह गए. दरअसल, बेटा और बहू उन्हें जिंदा रहते हुए कागजों में मृत घोषित कर दिए थे. मामला बिहार के भागलपुर के बाथ गांव का है.
बाथ गांव के रहने वाले रमेश मिश्रा झारखंड परिवहन विभाग से रिटायर होकर अपने पैतृक घर में रह रहे थे. इसी दौरान उनके बेटे कुंदन मिश्रा और बहू रूपम मिश्रा ने उन्हें मृत दिखाते हुए गांव की करीब तीन केवला जमीन बेच दी. जमीन की बिक्री के लिए न सिर्फ झूठे दस्तावेज तैयार किए गए, बल्कि बहू ने गवाह के तौर पर हस्ताक्षर भी कर दिए.
भूत कहकर उड़ाया मजाक
इस साजिश का पता रमेश मिश्रा को तब चला, जब गांव के कुछ लोग उन्हें देखकर हंसने लगे और भूत-भूत कहकर चिढ़ाने लगे. पहले तो उन्होंने इस मजाक को हल्के में लिया, लेकिन जब ग्रामीणों से वजह पूछी तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई. ग्रामीणों ने बताया कि उनके बेटे ने उन्हें कागजों में मृत घोषित कर जमीन बेच दी है.
सच्चाई जानने के बाद रमेश मिश्रा सीधे रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि 20 जून 2024 को उनके बेटे कुंदन मिश्रा ने राजेश कुमार की पत्नी लूसी कुमारी के नाम जमीन का केवाला लिख दिया है. यह देखकर उनके होश उड़ गए.
पुलिस ने नहीं की सुनवाई
पुत्र द्वारा किए गए इस धोखे से आहत रमेश मिश्रा ने पहले बाथ थाना में लिखित अर्जी दी, लेकिन वहां उनकी सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने वरीय अधिकारियों से भी शिकायत की, मगर समाधान नहीं मिला. न्याय की आस में उन्होंने आखिरकार मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) की अदालत का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट में रमेश मिश्रा ने अपने जिंदा होने का शपथ पत्र भी पेश किया.
अदालत ने मांगी रिपोर्ट
CJM ने अर्जी पर सुनवाई करते हुए बाथ थाना से पूरे मामले की जांच रिपोर्ट तलब की है. अब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी. फिलहाल, यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. एक ओर जहां लोग बेटे-बहू की इस करतूत पर हैरान हैं, वहीं दूसरी ओर एक जीवित पिता को मृत साबित करने की साजिश समाज में धोखे और लालच की एक दर्दनाक तस्वीर पेश करती है.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: