अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में सवार कम से कम 10 लोग महाराष्ट्र के थे, जिनमें एक पायलट और चालक दल के सदस्य भी शामिल थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह
जानकारी दी। गुरुवार दोपहर 230 यात्रियों और चालक दल के 12 सदस्यों को लेकर लंदन जा रहा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (AI171) अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक मेडिकल कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
महाराष्ट्र के 10 लोगों की गई जान
एक अधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटना में एक व्यक्ति बाल-बाल बच गया, जबकि विमान में सवार 241 लोग मारे गए और इनमें से 10 महाराष्ट्र के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि विमान के पायलट कैप्टन सुमित पुष्करराज सभरवाल (56) मुंबई के पवई इलाके के जल वायु विहार के निवासी थे और अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहते थे। फ्लाइट के सह-पायलट क्लाइव कुंदर मुंबई के पश्चिमी उपनगर के निवासी थे जैसा कि उनके सोशल मीडिया खाते से जानकारी मिली है। चालक दल के सदस्य दीपक पाठक ठाणे जिले के बदलापुर में रहते थे।
दीपक पाठक ने लंदन जाने से पहले मां से की बात
पाठक की बहन ने पहले बताया था कि लंदन जाने से पहले उन्होंने अपनी मां से बात की थी। उन्होंने बताया कि दीपक 11 साल से एअर इंडिया में काम कर रहे थे। चालक दल की एक अन्य सदस्य मैथिली पाटिल (23) नवी मुंबई के न्हावा गांव की रहने वाली थीं। मैथिली दो साल पहले एअर इंडिया में शामिल हुई थीं और उनके पिता मोरेश्वर पाटिल ओएनजीसी में ठेकेदार हैं।
गोरेगांव की रहने वाली थीं अपर्णा महादिक
न्हावा के एक पूर्व सरपंच ने बताया कि मैथिली ने लंदन जाने से पहले अपने पिता से बात की थी और शहर पहुंचने पर उन्हें फोन करने का वादा किया था। एक अन्य सदस्य अपर्णा महादिक (43) गोरेगांव की निवासी थीं और उनके पति भी एअर इंडिया में चालक दल के सदस्य के तौर पर काम करते हैं।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: